Mizoram Landslide: मिजोरम में चक्रवात रेमल का असर देखने को मिल रहा है। तटीय इलाकों में जमकर बारिश हो रही है। ज्यादा बारिश के कारण आइजोल जिले में भूस्खलन हो गया। जिसमें करीब 16 लोगों की मौत हो गई और करीब दो दर्जन लोग लापता हो गए। हालांकि, अभी 10 लोगों के मरने की आधिकारिक पुष्टि हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया और 2 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
दरअसल, यह घटना आइजोल शहर के दक्षिणी बाहरी इलाके मेल्यम और हिमेन के बीच के इलाके में मंगलवार सुबह करीब 6 बजे हुई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर 7 लोगों के शवों को बरामद कर लिया, जबकि अन्य कई लोग मलबे मे फंसे हुए हैं।
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि, भारी बारिश के चलते मिजोरम के कई अन्य इलाकों में भी भूस्खलन हुआ है। अधिकारियों ने बताया कि हुनथर के राष्ट्रीय राजमार्ग छह में भूस्खलन के कारण मिजोरम कई अन्य इलाकों से अलग हो गया। इसके अलावा कई अंतर-राजमार्ग इस भूस्खलन से प्रभावित हुए हैं। इस बीच भारी बारिश के कारण राज्यों के स्कूलों को बंद कर दिया है।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
भारी बारिश के चलते हुए हादसे के बाद स्थानीय लोगों के साथ मिलकर पुलिस प्रशासन राहत बचाव कार्य में जुटा हुआ है। इस हादसे के बाद मिजोरम के डीजीपी ने लोगों को बचाव के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि स्थिति सामान्य हो जाने के बाद घर से निकले, फिलहाल आवश्यक कार्य के लिए ही घर से बाहर निकले।
उन्होनें, इस हादसे में 10 लोगों की मौत की पुष्टी की है। कई अन्य लोगों के लापता होने और कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने बचाव अभियान की शुरुआत करके लोगों को सुरक्षित बचाया। लेकिन, लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बचाव अभियान काफी प्रभावित हुआ। स्कूलों को बंद करने का आदेश कर दिया गया है। प्रदेश सरकार ने अलर्ट जारी कर दिया है,लेकिन खदानों में कार्य जारी है।