Rajyasabha Chunav: राज्यसभा के आगामी चुनाव को लेकर बीजेपी ने मध्य प्रदेश से चार नेताओं के नाम घोषित किए हैं। बुधवार को बीजेपी ने इस बार डॉक्टर एल मुरुगन, उमेश नाथ महाराज, माया नारोलिया और बंसीलाल गुर्जर को राज्यसभा में भेजने का फैसला किया है।
मध्य प्रदेश से दो अप्रैल को राज्यसभा की पांच सीटें खाली हो रही है। इन सीटों के लिए चुनाव 27 फरवरी को होना है। इसके लिए नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 15 फरवरी है। इसके चलते बीजेपी ने 14 फरवरी बुधवार को अपने प्रत्याशियों के नामों पर मुहर लगा दी है।
बीजेपी ने केन्द्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव को राज्यसभा भेजने का फैसला लिया है। बीजेपी ने केन्द्रीय मंत्री को ओडिशा से प्रत्याशी बनाया है। अगर कांग्रेस की बात करें तो कांग्रेस मध्यप्रदेश से सिर्फ एक नेता को राज्यसभा भेज सकती है। 27 फरवरी को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा इसके बाद पांच बजे से मतगणना होगी।
बीजेपी नेता एल मुरुगन पहले भी मध्य प्रदेश से ही राज्यसभा के सदस्य बनाए गए हैं। मौजूदा समय में वो नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार में मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय के साथ साथ सूचना और प्रसारण मंत्रालय में राज्य मंत्री हैं। एल मुरुगन बीजेपी की तमिलनाडु यूनिट के प्रदेश अध्यक्ष की भी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वहीं, बाल योगी उमेश नाथ उज्जैन के पीठाधीश्वर की अहम जिम्मेदार संभाल रहे हैं।
कौन हैं माया नारोलिया और बंसीलाल गुर्जर?
वहीं, बीजेपी से राज्यसभा चुनाव को लेकर उम्मीदवार बनाई गईं माया नारोलिया नर्मदापुरम निवासी हैं। माया नारोलिया महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। मध्य प्रदेश से बीजेपी के राज्यसभा उम्मीदवार बंसीलाल गुर्जर किसान नेता के तौर पर जाने जाते हैं। किसान आंदोलन के बीच यह नाम उससे जोड़कर भी देखा जा सकता है। मंदसौर के रहने वाले बंसीलाल गुर्जर बीजेपी किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी है।