Ind vs Eng: बैजबॉल क्रिकेट की उड़ी धज्जियां, अश्विन बुमराह के आगे अंग्रेज ढेर, भारत की 106 रनों से जीत

Ind vs Eng Bumrah Ashwin: भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही पांच टेस्ट मैचों की सीरीज अब 1-1 से बराबर हो गई। पहला मैच हारने के बाद भारत ने विजाग टेस्ट में शानदार जीत हासिल की है। दूसरे टेस्ट में भारत ने इंग्लैंड को 106 रनों से हराया। बैजबॉल क्रिकेट खेलने के लिए मशहूर इंग्लैंड को भारत ने जीत के लिए 399 रनों का लक्ष्य दिया था।

लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड चौथे दिन 292 रनों पर ढेर हो गई। इस जीत के साथ भारत ने पांच टेस्ट मैचों की सीरीज को एक-एक से बराबर कर लिया। दोनों टीमों के बीच तीसरा टेस्ट मैच 15 फरवरी से राजकोट में खेला जाएगा। यह मैच दोनों टीमों के लिए काफी महत्वपूर्ण है।

बता दें कि, भारत के लिए दूसरी पारी में जसप्रीत बुमराह और अश्विन ने तीन-तीन विकेट झटके और बुमराह ने कुल मिलाकर इस मैच में 9 विकेट लिए। इस जीत के साथ ही भारत ने बैजबॉल का घमंड तोड़ दिया। दरअसल, इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने कहा था कि उनकी टीम 399 रनों के टारगेट को 60-70 ओवर्स में ही चेज करने का प्रयास करेगी, लेकिन वह 300 रन भी नहीं बना पाई।

इंग्लैंड की ओर से दूसरी पारी में सबसे ज्यादा रन जैक क्राउली (73) ने बनाए। इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज 50 रनों के आंकड़े को पार नहीं कर सका। टारगेट का पीछा करने के दौरान इंग्लैंड का पहला विकेट तीसरे दिन के खेल में गिरा था, जब बेन डकेट स्पिनर अश्विन की फिरकी में फंस गए थे। फिर चौथे दिन आउट होने वाले पहले बल्लेबाज नाइटवॉचमैन रेहान अहमद रहे।

Read Also: Budget Session: अब नहीं होगा प्रतियोगी परीक्षाओं का पेपर लीक, सदन में पेश किया गया विधेयक

अश्विन के नाम एक और कीर्तिमान

रेहान अहमद को अक्षर पटेल ने 23 रनों के न‍िजी स्कोर पर चलता किया। इसके बाद अश्विन ने ओली पोप और जो रूट को आउट करके इंग्लैंड को बैकफुट पर ढकेल दिया। जो रूट तो काफी आक्रामक शॉट खेलने के चक्कर में आउट हुए। अश्विन ने ओली पोप को आउट करके एक बड़ा रिकॉर्ड भी बनाया। अश्विन इंग्लैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए। अश्विन ने भगवत चंद्रशेखर को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने इंग्लैंड के 95 विकेट झटके थे।

इसके बाद भारत को सबसे बड़ी सफलता तब मिली जब 73 रन बनाकर क्रीज पर पैर जमा चुके जैक क्राउली को कुलदीप यादव ने एलबीडब्ल्यू किया। लंच से पहले जसप्रीत बुमराह ने जॉन बेयरस्टो को आउट कर मैच को भारत की ओर धकेल दिया था। लंच के बाद बेन स्टोक्स श्रेयस अय्यर की सटीक थ्रो पर चलते बने।

220 रनों पर सात विकेट गिरने के बाद बेन फोक्स और टॉम हार्टली ने 55 रनों की साझेदारी कर इंग्लैंड को वापसी कराने की कोशिश की लेकिन जसप्रीत बुमराह ने फोक्स को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ दिया। फोक्स के आउट होने के बाद भारत की जीत लगभग तय हो गई। इस मैच में मुकेश कुमार ने शोएब बशीर को आउट करके अपना पहला विकेट लिया। इंग्लैंड की ओर आखिरी बल्लेबाज के रूप में टॉम हार्टली आउट हुए।

भारत को मिली थी 143 रनों की बढ़त

गौरतलब है कि, भारतीय टीम ने यशस्वी जायसवाल के शानदार दोहरे शतक की बदौलत अपनी पहली पारी में 396 रन बनाए थे। जवाब में इंग्लैंड की पहली पारी 253 रनों पर ही सिमट गई थी और भारत को पहली पारी के आधार पर 143 रनों की बढ़त मिली थी। इसके बाद शुभमन गिल के शानदार शतक 104 रन की बदौलत भारतीय टीम की दूसरी पारी 255 रनों पर सिमट गई थी। भारत ने जीत के लिए इंग्लैंड को 399 रनों का टारगेट दिया था।

Read Also: UP Budget 2024: योगी सरकार ने पेश किया 7.36 लाख करोड़ रुपए का बजट, वित्त मंत्री बोले- 2.4 फीसदी रह गई बेरोजगारी दर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *