Kanwarpal Gurjar: हरियाणा के शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने कहा कि हमारा जेजेपी से कोई गठबंधन नहीं है। सरकार चलाने के लिए गठबंधन किया हुआ है। आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगे या नहीं इसका फैसला पार्टी आलाकमान करेगा।
सत्र के लिए तैयार- कंवरपाल गुर्जर
मंगलवार को यमुनानगर में मीडिया से बातचीत करते हुए कंवरपाल गुर्जर ने कहा कि सरकार विधानसभा सत्र को लेकर पूरी तरह तैयार है। विपक्ष हर सत्र में सरकार को घेरने की कोशिश करता है लेकिन विपक्ष के पास कोई मजबूत मुद्दे नहीं होते इसलिए हम 9 साल से सरकार चला रहे हैं। विपक्ष सरकार को घेरने में नाकाम रहता है।
सदन में सीएम मनोहर लाल सभी सवालों का सीधा-सीधा जवाब देते हैं। सरकार के मंत्री और विधायक विपक्ष के हर मुद्दे पर साफ-साफ जवाब देते हैं। हरियाणा सरकार ने प्रदेश में सभी वर्गों का समान रूप से विकास किया है। जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रदेश में विकास अलग ही दिख रहा है।
विपक्ष का काम आरोप लगाना- घनश्यामदास अरोड़ा
इस दौरान यमुनानगर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि विपक्ष का काम सरकार को घेरने का होता है, वह अपना काम कर रहे हैं, सरकार अपना काम कर रही है। उन्होंने कहा कि उन्होंने भी अपने विधानसभा क्षेत्र के लिए विधानसभा में सवाल लगाए हैं। हरियाणा विधानसभा सत्र में विपक्ष के पास सरकार को घेरने के कई मुद्दे हैं। सरकार भी अपनी तैयारी कर रही है। देखना होगा इस बार शीतकालीन सत्र में सरकार और विपक्ष की क्या-क्या रणनीति रहती है।