Supreme Court: सुप्रीम कोर्ट में तीन नए जजों की नियुक्ति के साथ संख्या पूरी हो गई। गुरुवार को केन्द्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। इससे पहले सर्वोच्च अदालत में जजों की संख्या 31 थी लेकिन अब तीन नई नियुक्ति के साथ संख्या 34 पूरी हो गई।
कौन है तीन नए न्यायधीश?
तीन नए जज दिल्ली हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश सतीश चंद्र शर्मा, राजस्थान हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ऑगस्टिन जॉर्ज मसीह और गुवाहाटी हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश संदीप मेहता हैं। जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा दिल्ली हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रह चुके हैं। इससे पहले वह तेलंगाना उच्च न्यायालय में भी चीफ जस्टिस रह चुके हैं।
जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा का जन्म 30 नवंबर 1961 को हुआ था। सतीश चंद्र शर्मा काफी कम उम्र में मध्य प्रदेश के वकील बन गए थे उन्हें 18 जनवरी 2008 को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। जस्टिस ऑगस्टिन जॉर्ज मसीह राजस्थान हाईकोर्ट में चीफ जस्टिस का पद संभाल चुके हैं।
इससे वह पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट में न्यायधीश रह चुके हैं। 30 मई 2023 को जस्टिस ऑगस्टिन को राजस्थान हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के रूप में पदोन्नत किया गया था। बात करें जस्टिस संदीप मेहता की तो संदीप मेहता गुवाहाटी हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रह चुके हैं।
30 नवंबर 2011 को जस्टिस संदीप मेहता को राजस्थान हाईकोर्ट न्यायधीश के रूप में नियुक्त किया गया था। इसके साथ ही वह इस साल 15 फरवरी से गुवाहाटी हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस हैं। जस्टिस मेहता ऑल इंडिया हाईकोर्ट जजों की सीनियॉरिटी लिस्ट में 23वें नंबर पर हैं।