Israel Hamas War: गाजा में इजरायल की सर्जिकल स्ट्राइक, अब कोई सुरक्षित स्थान नहीं- UN

Israel Hamas War: इजरायल और हमास के बीच युद्ध जारी है। बीती बुधवार रात इजरायल में सर्जिकल स्ट्राइक की और कई आतंकी ठिकानों को बर्बाद कर दिया। इजरायली सेना टैंक लेकर गाजा के भीतर दाखिल हुई और तबाही मचाकर वापस लौट आई। इजरायल ने कई बार गाजा के लोगों से अपील की है कि वो उत्तरी गाजा छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं।

संयुक्त राष्ट्र ने दिया बयान

फ़िलिस्तीनियों के लिए संयुक्त राष्ट्र की मानवीय सहायता की कॉर्डिनेटर लिन हेस्टिंग ने इस मामले पर बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि ग़ाज़ा में लोग अपनी जगह छोड़कर सुरक्षित जगहों पर नहीं जा सकते क्योंकि अब कोई भी जगह सुरक्षित नहीं है।

इजरायल लोगों से ग़ाज़ा शहर छोड़कर बाहर जाने की अपील कर रहा है जिसके जवाब में लिन हेस्टिंग ने ये बयान दिया है। उन्होंने कहा, “जो लोग जगह छोड़कर नहीं निकल रहे, उनके पास जाने के लिए जगह ही नहीं है। वो कहां जाएंगे?  इजराइल की नई चेतावनी उनके किसी काम की नहीं है क्योंकि वो कहीं नहीं जा सकते।

अंतरराष्ट्रीय कानूनों के तहत होनी चाहिए निगरानी

जब निकासी के रास्तों पर बमबारी की जा रही है, जब उत्तर और दक्षिण के लोग इस युद्ध में फंसे हुए हैं, जब ज़िंदा रहने के लिए ज़रूरी चीज़ों की कमी है, जब वापसी का कोई आश्वासन नहीं है, तो लोगों के पास कुछ नहीं बचता।

संयुक्त राष्ट्र संघ का कहना है कि इस हिंसा की अंतरराष्ट्रीय कानूनों के तहत निगरानी की जानी चाहिए। इसका मतलब है कि नागरिकों की सुरक्षा की जानी चाहिए और उनके पास जिंदा रहने के लिए ज़रूरी चीजें होनी चाहिए, चाहे वो कहीं भी रहें और चाहे वे अपनी जगह छोड़ना चाहें या ना चाहें, उन्हें आवश्यक चीज़ें मिलनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *