JJP Dushyant Chautala: राजस्थान में जननायक जनता पार्टी यानि जेजेपी मजबूत हो रही है। शनिवार को भारत नवनिर्माण पार्टी का विलय जेजेपी में हो गया। जेजेपी नेता दुष्यंत चौटाला ने इसका स्वागत किया। भारत नवनिर्माण पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीनदयाल जाखड़ का कहना है कि उन्हें जेजेपी की नीतियों पर पूरा भरोसा है। वह भविष्य में राजस्थान की बेहतरी के लिए मिलकर काम करेंगे।
16 जिलों में हैं जिला अध्यक्ष
बता दें कि, भारत नवनिर्माण पार्टी पूरे राजस्थान में सक्रिय है और फिलहाल 16 जिलों में जिला अध्यक्ष है। इन जिलों में पार्टी अपना मजबूत संगठन रखती है। दोनों पार्टी मिलकर चुनाव में इसका लाभ जरूर उठाएगी। राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत के करीबी मंत्रियों में से एक प्रताप सिंह खाचरियावास के बड़े भाई करण सिंह भारत नवनिर्माण पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष हैं।
सियासी जमीन तलाशने में मिलेगी मजबूती
राजस्थान में अपने लिए सियासी जमीन खोज रही जेजेपी को दीनदयाल जाखड़ के पार्टी समेत जजपा में आने से मजबूती तो आवश्य मिलेगी लेकिन चुनावी लाभ कितना होगा ये तो 3 दिसंबर को नतीजे आने के बाद ही साफ होगा। फिलहाल जेजेपी ने अपने प्रत्याशियों के नामों पर मुहर भी नहीं लगाई है।
भारत नवनिर्माण पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीनदयाल जाखड़ का कहना है कि वह चौधरी देवीलाल को अपना आदर्श मानते हैं। जिस प्रकार दुष्यंत चौटाला हरियाणा के डिप्टी सीएम रहते हुए किसानों की भलाई के लिए काम कर रहे हैं वो उनसे बेहद प्रभावित हैं। सीकर से सांसद चुने गए देवीलाल ने किसानों के हित में उप प्रधानमंत्री की कुर्सी त्याग दी थी उसी प्रकार दुष्यंत चौटाला भी किसानों के उत्थान के लिए काम कर रहे हैं।
राजस्थान में किसान बनेगा सीएम- जेजेपी
राजस्थान में भी जेजेपी ने किसान को सीएम बनाने का ऐलान किया है। सांसद रहते हुए दुष्यंत ने किसानों की आवाज संसद में उठाई और ट्रैक्टर को टोल मुक्त वाहन करवाया। दुष्यंत चौटाला की दूरदर्शिता और उनके काम करने के तरीके ने हमें उनकी ओर आकर्षित किया। काफी समय से दुष्यंत चौटाला को फॉलो कर रहे हैं यही कारण है कि उन्होंने दुष्यंत की टीम का हिस्सा बनने का फैसला किया।