संतोष कुमार सिंह
पटना: बिहार के बक्सर में हुए भीषण ट्रेन हादसे के अफरातफरी का माहौल है। बचाव और राहत कार्य चल रहे हैं। मुआवजे की घोषणा हो गई है और साथ ही जारी है सियासी बयान बाजी। दरअसल 23 कोच वाली 12506 नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस बुधवार सुबह सात बजकर 40 मिनट पर दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल से रवाना हुई थी। इसे करीब 33 घंटे की यात्रा के बाद कामाख्या पहुंचना था। इसी बीच रात करीब 9.35 बजे ये ट्रेन बक्सर के रघुनाथपुर स्टेशन के पास हादसे का शिकार हो गई। गाड़ी की सभी बोगियां पटरी से उतर गईं। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हादसे में ट्रेन के 23 कोच पटरी से उतर गए थे। रेलवे के मुताबिक इस ट्रेन दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई है जबकि 30 लोग घायल हो गए हैं। हादसा कैसे हुआ इसे लेकर रेलवे ने जांच के आदेश दिए हैं।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे भी हादसे के बाद घटनास्थल पर पहुंचे। अश्विनी चौबे इसी इलाके से सांसद भी हैं। उन्होंने कहा कि बेहद भयावह दृश्य है। यहां की जनता ने जिस प्रकार से राहत बचाव कार्य में सहयोग किया वह सराहनीय है। यहां के लोगों ने हमारे पार्टी कार्यकर्ताओं, जिलाअध्यक्ष को जानकारी दी। मैंने रेल मंत्री से लेकर प्रधानमंत्री के कार्यालय तक जानकारी दी। राहत बचाव कार्य शुरू हो गया है। आसपास के अस्पतालों को जानकारी दी गई… रेलवे की टीम आ चुकी है, हम परिचालन की व्यवस्था को सुदृढ़ करने में लगे हैं। जांच पड़ताल चल रही है।
इस हादसे की बाबत रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, हम ट्रेन के पटरी से उतरने के कारणों का पता करेंगे। उन्होंने घटना में जान गंवाने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मंत्री ने कहा कि बचाव अभियान पूरा हो गया है और सभी डिब्बों की जांच कर ली गई है। बक्सर में यह रेल हादसा बुधवार को रात नौ बज कर करीब 53 मिनट पर हुआ, जिसमें एसी टियर-3 के कम से कम दो डिब्बे पलट गए।
इस हादसे के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस बीच रेलवे की ओर से ट्रेन एक्सीडेंट में जान गंवाने वाले यात्रियों के परिजनों को मुआवजे का ऐलान किया गया। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी बक्सर रेल हादसे में मरने वाले लोगों के परिवारों को 4-4 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
क्या कहा नीतीश ने
नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस ट्रेन दुर्घटना पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि जैसे ही घटना की जानकारी मिली वहां बचाव कार्य शुरू हो गया। हादसे में 4 लोगों की मृत्यु हो गई है। एक मृतक बिहार का रहने वाला था। हम सभी की सहायता करेंगे। मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए दिए जाएंगे। मुआवजे का एलान करते हुए नीतीश कुमार ने यह भी कहा कि मुआवजे का एलान करते हुए ये तो केंद्र का काम है लेकिन घटना बिहार में हुई है, इसलिए मुआवजा दिया जाएगा।
गिरिराज ने कसा तंज
हालांकि मुख्यमंत्री ने मुआवजे का एलान करते हुए जो बयान दिया उसपर बीजेपी ने आपत्ति जताई है। बीजेपी सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने तीखे शब्दों में कहा है कि रेल हादसे के पीड़ितों को नीतीश के खैरात की जरुरत नहीं है वे पहले मस्जिदों में खैरात बांट लें, तब दूसरे लोगों की चिंता करें।