Delhi Liquor Scam: कोर्ट ने संजय सिंह की हिरासत बढ़ाई, ईडी ने कहा- जांच में नहीं हो रहा सहयोग

Delhi Liquor Scam:दिल्ली शराब घोटाले में गिरफ्तार आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय को आज राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया। इस दौरान सुनवाई करते हुए कोर्ट ने संजय सिंह की हिरासत को 3 दिन के लिए बढ़ा दिया। कोर्ट में ईडी ने कहा कि संजय सिंह जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं और सवालों का सही जवाब नहीं दे रहे हैं।

जांच में नहीं हो रहा सहयोग- ईडी

ईडी के वकील ने कोर्ट में सुनवाई के दौरान कहा कि संजय सिंह से फोन के डेटा के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि हाल ही में रेड चंडीगढ़ में डाली गई है, जिस बिजनेसमैन की निशानदेही पर छापेमारी की गई है, उसका बयान दर्ज हो गया है और उसने कुछ ऐसी अहम जानकारी दी हैं, जिनका खुलासा इस वक्त नहीं किया जा सकता।

मुझे सता रहा एनकाउंटर का डर- संजय सिंह

आप सांसद संजय सिंह ने कोर्ट में कहा कि मुझे एनकाउंटर का डर सता रहा है। ईडी रात को साढ़े 10 बजे बिना परमिशन के बाहर लेकर जाती है। अगर इस दौरान मेरी हत्या की गई तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा। इसके अलावा संजय सिहं के वकील रेबेका जॉन ने आरोपों पर जवाब देते हुए कहा, कस्टडी कोई अधिकार नहीं है, जो मांगे जाने पर ऐसे ही मिल जाए। इसके लिए जांच एजेंसी के पास पुख्ता वजह होनी चाहिए। पिछले पांच दिनों में उन्होंने ऐसे सवाल पूछे, जिनका जांच से कोई मतलब नहीं था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *