T20 WC 2024: वनडे वर्ल्ड कप के बाद टी 20 विश्व कप का लगेगा तड़का, वेस्टइंडीज़ के इन शहरों में होंगे मुकाबले

शुभम रावत

नई दिल्ली: वनडे वर्ल्ड कप कुछ दिनों बाद भारत की धरती पर खेला जाना है। पांच अक्टूबर से टूर्नामेंट का आगाज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा। वहीं अगले साल होने वाले टी 20 विश्व कप के लिए भी तैयारियां तेज हो गई हैं। टूर्नामेंट में खेले जाने वाले मैचों के लिए वेन्यू का ऐलान कर दिया गया है।

क्रिकेट फैंस को बैक टू बैक आईसीसी के टूर्नामेंट का लुफ्त उठाने का मौका मिल रहा है। जहां एक ओर वनडे वर्ल्ड कप के लिए क्रिकेट फैंस में काफी जोश है, वहीं दूसरी ओर 2024 में क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट टी 20 का खुमार भी देखने को मिलेगा। वेस्टइंडीज़ और अमेरिका की मेज़बानी में अगले साल टी 20 वर्ल्ड कप का आयोजन किया जाएगा। आईसीसी ने टूर्नामेंट के आयोजन के मद्देनजर अपनी तैयारियां शुरु कर दी है। कैरेबिया के 7 वेन्यू पर मोहर लगा दी है।

इन वेन्यू पर होंगे मुकाबले

वेस्टइंडीज़ में जिन सात शहरों में टूर्नामेंट के मुकाबले खेले जाएंगे उनमें एंटीगुआ, बारबुडा, डोमिनिका, गुयाना, सेंट लुसिया, सेंट विंसेंट और ग्रेनेडाइंस एवं त्रिनिदाद और टोबैगो शामिल है। आईसीसी के मुख्य कार्यकारी ज्योफ अलार्डिस ने कहा, हमें उन सात कैरेबियाई वेन्यू की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है जो अब तक के सबे बड़े आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप की मेज़बानी करेंगे, जहां 20 टीमें ट्रॉफी के लिए लडेंगी। ये सभी खिलाड़ियों और फैंस के बीच मशहूर वेन्यू हैं।

इस दौरान उन्होंने आगे कहा कि, यह वेस्टइंडीज द्वारा आयोजित तीसरा आईसीसी सीनियर मेन्स इवेंट होगा और मैच एक बार फिर क्रिकेट फैंस को कैरेबिया में अनोखा क्रिकेट देखने का अनुभव देंगे। मैं क्रिकेट वेस्टइंडीज़ और सात मेज़बान सरकारों को उनके योगदान के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं।

20 टीमें टूर्नामेंट में लेंगी हिस्सा

अगले साल जून महीने खेले जाने वाले टी 20 वर्ल्ड कप में 20 टीमें हिस्सा लेंगी। इन टीमों के बीच सेमीफाइनल और फाइनल समेत कुल 55 मैच खेले जाएंगे। बता दें कि पिछले साल इंग्लैंड ने टी 20 वर्ल्ड कप के ट्रॉफी पर कब्जा जमाया था। गौरतलब है कि टी 20 के पहला वर्ल्ड कप जो 2007 में खेला गया था उसमें भारतीय टीम ने महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में विजय हासिल की थी। इसके बाद से टीम इंडिया को इस फॉर्मेट में दोबारा विश्व विजेता बनने का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *