शुभम रावत
वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास किया। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बीसीसीआई अध्यक्ष रोजर बिन्नी और सचिव जय शाह मौजूद रहे। इनके अलावा पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुनील गावस्कर, कपिल देव और सचिन तेंदुलकर भी उपस्थित रहे।
स्टेडियम बनने से लोगों की तादाद बढ़ेगी
उत्तर प्रदेश को लखनऊ और कानपुर के बाद एक और क्रिकेट स्टेडियम मिलने जा रहा है। भोलेनाथ की नगरी वाराणसी में तकरीबन 451 करोड़ रूपए की लागत से इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम तैयार हो रहा है। पीएम मोदी ने आज यानी शनिवार को स्टेडियम की आधारशिला रखी। इस दौरान उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यहां शानदार स्टेडियम बनने से लोगों की तादाद बढ़ेगी, जिससे काशी को फायदा होगा।इसके अलावा यहां के दुकानदारों, टैक्सी चालकों और नाव वालों को भी मुनाफा होगा। साथ ही उन्होंने कहा कि देश की सोच में काफी बदलाव आया है, जिसका नतीजा है कि आज भारत खेल के क्षेत्र में ज्यादा कामयाब हो रहा है।
जो खेलेगा वह खिलेगा
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि, काशी के युवा खेल की दुनिया में अपना नाम कमाएं मेरी यही कामना है। सीगरा स्टेडियम पर 400 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। यहां जरूरी खेलों के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसे जल्द काशी को समर्पित किया जाएगा। पीएम ने कहा कि खेल को युवाओं की फिटनेस और युवाओं के रोजगार और उनके करियर से जोड़ा जा रहा है। इस दौरान पीएम ने खेल महत्व को बताते हुए कहा कि जो खेलेगा वह खिलेगा। उन्होंने कहा कि आज मां-बाप बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल के प्रति भी प्रोत्साहित कर रहे हैं।
खेलो के बजट में 70 प्रतिशत बढ़ोतरी
पीएम मोदी ने इस दौरान खेलो के बजट पर भी बात की। उन्होंने कहा कि, इस बार केंद्रीय खेल बजट तीन गुना बढ़ाया गया है। खेलो इंडिया के बजट में 70 प्रतिशद बढ़ोतरी की गई है। खेलो इंडिया के तहत देशभर में प्रतियोगिताएं हुई हैं, इनमें बेटियों ने भी हिस्सा लिया है। इसके साथ ही पीएम मोदी ने आज से शुरू हो रहे एशियन गेम में हिस्सा लेने गए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं भी दी।
भोलेनाथ के स्वरूप में बनेगा स्टेडियम
बता दें कि काशी नगरी में इस क्रिकेट स्टेडियम को बेहद खास तरह से बनाया जा रहा है। स्टेडियम का आकार अर्ध चंद्राकार होगा, जिसमें लगी फ्लड लाइट्स त्रिशूल के आकार की होगी। बिल्डिंग में बेलपत्र की डिजाइन दिखेगा, वहीं डिजाइन में डमरू का आकर भी होगी। गंगा घाट की सीढ़ियों जैसी दर्शक दीर्घा होगी। जहां बैठकर फैंस मैच का आनंज उठा सकेंगे।