Haryana CM Manohar Lal:हरियाणा के सीएम मनोहर लाल दो दिनों के लिए दिल्ली दौरे पर हैं। दौरे के दूसरे दिन सीएम ने नाभा हाउस का औचक निरीक्षण किया। इसके अलावा राज्य की संपत्ति का मुआयना किया। साथ ही उन्होंने राज्य की संपत्ति का बेहतर इस्तेमाल करने के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
प्रदेश के मुखिया इन दिनों दो दिवसीय फरीदाबाद-दिल्ली दौरे पर हैं। पहले दिन उन्होंने फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (FMDA) की मीटिंग में हिस्सा लिया था। आज सीएम ने महिला सम्मान कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को महिलाओं के लिए ऐतिहासिक बिल लाने के लिए पूरे हरियाणा की ओर से धन्यवाद दिया। कहा कि हरियाणा सरकार पंचायतों में पहले ही महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण दे चुकी हैं।
पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला आरक्षण बिल आने के बाद आधी आबादी को उनका हक मिलना सुनिश्चित होगा। साल 2015 में पानीपत की धरा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान की शुरुआत की थी। प्रदेश सरकार लगातार बेटियों को बढ़ावा देने के लिए काम कर रही है।
बता दें कि सीएम मनोहर लाल का यह दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान सीएम केन्द्रीय नेताओं के साथ मुलाकात कर हरियाणा की फीडबैक पर चर्चा करेंगे और आगे चुनाव की रणनीति तैयार करेंगे। आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर महिला सांसदों के साथ बैठक कर मंथन करेंगे। साथ ही केन्द्रीय स्तर पर रुके प्रदेश के प्रोजेक्ट में तेजी लाएंगे।