पटना: अगले साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों में होड़ मची है। इस बीच लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष और सांसद चिराग पासवान (Chirag Paswan) ने भी यह स्पष्ट कर दिया कि वह कितने सीटों पर लड़ेंगे। आज पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि लोजपा लोकसभा की जिन छह सीटों पर चुनाव लड़ी थी उन तमाम छह सीटों से हम लोग फिर लड़ेंगे। हालांकि हाजीपुर सीट से कौन लड़ेगा?मीडिया के इस सवाल पर उन्होंने कहा कि यह समय आने पर तय होगा।
हाजीपुर से हमारा रिश्ता बचपन का- पासवान
चिराग पासवान ने कहा कि यह संसदीय बोर्ड तय करेगा कि कौन कहां से लड़ेगा, लेकिन पार्टी उन तमाम 6 सीटों पर लड़ेगी जिन सीटों पर लड़ी थी। इन 6 सीटों में हाजीपुर और जमुई भी शामिल है। पासवान ने कहा कि जमुई से हमारा रिश्ता पिछले 8-9 सालों से रहा है और हाजीपुर से हमारा रिश्ता बचपन से रहा है। एक जगह जहां मैं पुत्र की भूमिका में हूं तो दूसरी जगह अपनी लोकसभा की जनता का भी ख्याल रखना है। चिराग ने कहा मेरे पिता (रामविलास पासवान) चाहते थे कि मेरी मां चुनाव लड़े, लेकिन उन्होंने अभी तक इन चीजों को लेकर सहमति नहीं है।
बिहार फर्स्ट,बिहारी फर्स्टकी बात करता हूं- चिराग पासवान
अपनी मां को लेकर पासवान ने कहा कि मेरे पिता तो चाहते थे कि वह चुनाव लड़े, राजनीति में आए, लेकिन वह सार्वजनिक जीवन से अपने आप को दूर रखती हैं और रखना चाहती हैं। ऐसे में हम लोग उनकी भावना का भी सम्मान रखते हैं। हाजीपुर सीट से समझौते पर उन्होंने कहा कि समझौते की परिस्थिति की चर्चा ही क्यों? किस बात का समझौता? यह सब गठबंधन के भीतर होने वाली चर्चाएं हैं। आज के समय में मैं जमुई से सांसद हूं लेकिन हाजीपुर में मेरी भूमिका उतनी ही सक्रिय है उतना ही मैं हाजीपुर भी जाता हूं।उतना ही बिहार के सभी जिलों में जाता हूं।बिहार फर्स्ट,बिहारी फर्स्टकी बात करता हूं।
राहुल गांधी और मणिपुर हिंसा पर बोले चिराग
बता दें कि इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी की सदस्यता बहाल होने पर कहा कि यह राजनीतिक विषय रहा ही नहीं, यह एक न्यायिक विषय है। इसके साथ पासवान ने मणिपुर हिंसा पर भी बयान दिया। कहा कि इस विषय पर चर्चा पहले ही हो जाती है अगर विपक्ष अपनी जिद पर नहीं अड़ा रहता। सरकार से जो भी जवाब की अपेक्षा विपक्ष रखता है या सहयोगी दल, तमाम जवाब 10 तारीख को प्रधानमंत्री देंगे।