इंफाल: मणिपुर में दो समुदायों के बीच छिड़ी हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही। तीन महीने से ज्यादा समय से चल रही हिंसा में अब तक सैकड़ों लोगों की जान चली गई। वहीं शुक्रवार की रात बिष्णुपुर जिले में उग्रवादियों ने शस्त्रागार से भारी मात्रा में हथियार भी लूट ली। अब खबर आ रही है कि इंफाल के वेस्ट जिले में उग्रवादियों ने शनिवार की शाम को भी 15 घर आग के हवाले कर दिए। इसके साथ ही एक व्यक्ति को गोली लगने की भी खबर सामने आई है।
मामला लांगोल गेम्स गांव की है जहां शनिवार की शाम फिर हिंसा भड़क उठी। इस दौरान भीड़ ने 15 घरों को आग के हवाले कर दिया। वहीं हिंसा के दौरान एक 45 वर्षीय व्यक्ति को गोली मार दी गई जो व्यक्ति की जांघ पर लग गई। उसे तुरंत क्षेत्रीय आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में भर्ती कराया गया है। फिलहाल, युवक की हालत से खतरे से बाहर है।
वहीं, इस घटना सूचना मिलने पर सुरक्षाबल के जवान पहुंचे और भीड़ को हालात पर काबू पाने और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षाकर्मियों ने कई राउंड आंसू गैस के गोले दागे। अधिकारियों के अनुसार, रविवार को क्षेत्र में हालात में सुधार आया हैं, लेकिन सुबह के वक्त की पाबंदियां जारी हैं।
अधिकारियों ने बताया कि इंफाल ईस्ट जिले के चेकॉन इलाके में भी हिंसा की सूचना मिली है, जहां शनिवार को एक बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठान को आग के हवाले कर दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक, प्रतिष्ठान के पास के तीन मकानों में भी आग लगा दी गई। दलकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।
गौरतलब है कि मणिपुर में 3 मई से ही जातीय हिंसा जारी है। इस हिंसा के दौरान अब तक 160 से अधिक लोगों की जान चली गई। कई सौ लोगों के घायल होने की खबर है। इसके अलावा हजारों लोगों के घर को आग के हवाले कर दिया गया। बता दें कि यह हिंसा मैतेई और कुकी, नागा समुदायों के बीच हो रही है।