Nuh violence: प्रदेश में हो रही हिंसा के बीच एचएसईबी का बड़ा फैसला, स्थगित की गई बोर्ड की दसवीं और डीएलएड परीक्षाएं

चंडीगढ़: हरियाणा केनूंह समेत कुछ हिस्सों में पिछले तीन दिनों से दो समुदायों के बीच हिंसा जारी है। इस हिंसा में कई लोगों की जान भी चली गई। कुछ लोग घायल भी बताए जा रहे हैं। इस बीच हिंसा को देखते हुए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (एचएसईबी) प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। दरअसल, एचएसईबी दसवीं और डीएलएड की परीक्षाएं पांच अगस्त तक स्थगित कर दी हैं।

इस मामले में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. वीपी यादव व सचिव कृष्ण कुमार ने बताया कि बोर्ड द्वारा सेकेंडरी (शैक्षिक) और डीएलएड नियमित, रि-अपीयर, मर्सी चांस की पांच अगस्त तक होने वाली परीक्षाओं को स्थगित करने का फैसला लिया है। उन्होंने बताया कि डीएलएड की शेष परीक्षाएं पूर्व में निर्धारित तिथि पत्र अनुसार संचालित होगी।

कृष्ण कुमार ने बताया कि परिस्थितियां सामान्य होने पर स्थगित हुई परीक्षाओं का नया तिथि-पत्र शीघ्र ही जारी कर दिया जाएगा। संबंधित परीक्षार्थी/छात्र-अध्यापक व अभिभावकगण समय-समय पर बोर्ड अधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर विजिट करते रहें ताकि उन्हें परीक्षा की नई तिथि के बारे में जानकारी मिल सके।

गौरतलब है कि सोमवार को नूंह जिले में हिंदू संगठनों की तरफ से निकाली गई यात्रा के दौरान दो समुदायों के बीच हिंसा फैल गई। इस दौरान जमकर पथराव और आगजनी हुई। कई गाड़ियों में तोड़फोड़ करके उसे आग के हवाले कर दिया गया। देखते ही देखते हंगामा इतना बढ़ गया कि पत्थर के साथ साथ गोलियां भी चलीं। इस हिंसा में दो होम गार्डस समेत 6की मौत हो गई, जबकि कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *