पीएम मोदी ने छत्तीसगढ़ को सात हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का दिया उपहार

नई दिल्लीः छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 7,600 करोड़ रुपये की 10 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। दूसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद यह छत्तीसगढ़ में पीएम मोदी की पहली यात्रा है। उनके साथ मंच पर पांच केंद्रीय मंत्री और छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल भी मौजूद थे। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को 75 लाख कार्डों के वितरण की शुरुआत भी की। राज्य में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होना है। ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा राजनीतिक लिहाज से भी काफी अहम मानी जा रही है।

शुक्रवार को रायपुर पहुंचे पीएम मोदी ने एक जनसभा को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा में आज का दिन काफी महत्वपूर्ण है। आज छत्तीसगढ़ को 7,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उपहार मिल रहा है। उन्होंने कहा कि ये उपहार इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए है, कनेक्टिविटी के लिए है। इससे छत्तीसगढ़ के लोगों का जीवन आसान बनेगा और प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं भी बेहतर हो सकेंगी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार के इन प्रोजेक्ट्स से यहां रोजगार के भी अनेक अवसर सृजित होंगे। इनसे आदिवासी क्षेत्रों में विकास को गति मिलेगी।

पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत उन क्षेत्रों में अधिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित कर रहा है, जो विकास की दौड़ में पीछे छूट गए हैं। बेहतर

इंफ्रास्ट्रक्चर से व्यापार, कारोबार में आसानी होती है। इंफ्रास्ट्रक्चर से रोजगार के अवसर पैदा होते हैं और विकास को गति मिलती है। पीएम मोदी ने कहा कि आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का संबंध सामाजिक न्याय से भी है। जो लोग सदियों तक अन्याय झेलते रहे, असुविधा में जीते रहे, आज केंद्र सरकार उन तक आधुनिक सुविधाएं पहुंचा रही है। गरीब, दलित, पिछड़े और आदिवासियों की बस्तियों को सड़कें और रेल लाइनें जोड़ रही हैं। दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले मरीजों को अस्पताल पहुंचने में सुविधा हो रही है।

मोदी ने कहा कि नौ वर्ष पहले छत्तीसगढ़ के 20 प्रतिशत से अधिक गांवों में मोबाइल कनेक्टिविटी नहीं थी, लेकिन आज गांवों को भी अच्छी 4G कनेक्टिविटी मिले, इसके लिए केंद्र सरकार 700 से अधिक मोबाइल टॉवर लगवा रही है। आज छत्तीसगढ़ दो-दो इकोनॉमिक कॉरिडोर, रायपुर-धनबाद इकोनॉमिक कॉरिडोर और रायपुर-विशाखापट्टनम इकोनॉमिक कॉरिडोर से जुड़ा हुआ है। इससे राज्य का भाग्य बदलने वाला है। वहीं, जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रगतिशील खनिज से संपन्न है। यहां सड़क नेटवर्क का निर्माण करना सबके लिए खुशी की बात है।

सीएम बघेल बोले- हमारा राज्य नवोदित राज्य है, इसलिए ज्यादा से ज्यादा मदद मिलती रहे

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पीएम मोदी का छत्तीसगढ़ के राजकीय गमछे एवं प्रदेश के कारीगरों द्वारा तैयार स्मृति चिन्ह और मिलेट्स की टोकरी भेंट कर स्वागत किया। सभा को संबोधित करते हुए सीएम बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री से अनेक मंचों पर मुलाकात होती है। हम कुछ मांगें भी उनके सामने रखते हैं, लेकिन उन्हें दोहराना नहीं चाहता। मैं गडकरी जी के साथ भी बैठता हूं। इनसे जितना मांगते हैं उससे ज्यादा ही देते हैं। मैं इतना कहना चाहता हूं कि हमारा राज्य नवोदित राज्य है, इसलिए हमें ज्यादा से ज्यादा मदद मिलती रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *