बिहार में शिक्षक बहाली नियमावली में बदलाव और बिगड़ती कानून व्यवस्था के मुद्दे पर गुरुवार को विधानसभा घेराव करने जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। जिसमें कई कार्यकर्ता बुरी तरह घायल हो गए।
पटना: बिहार विधानसभा का घेराव करने के क्रम में अपनी जान गंवाने वाले भाजपा नेता विजय सिंह आज पंचतत्व में विलीन हो गए। उनका अंतिम संस्कार फतुहा घाट पर किया गया। विजय कुमार की अंत्येष्टि में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा समेत भाजपा के कई बड़े नेता मौजूद रहे। ट्विटर के माध्यम से भी भाजपा ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
विजय कुमार सिंह की मौत पर बिहार भाजपा ने ट्वीट कर लिखा कि 39 नम आंखों से विजय जी को अंतिम विदाई! बिहार के शिक्षकों, नौजवानों, किसानों और महिलाओं की आवाज उठाते हुए महागठबंधन सरकार की लाठी से बलिदान हुए भाजपा कार्यकर्ता विजय सिंह जी की अंत्येष्टि फतुहा घाट पर हुई। अंत में भाजपा ने ये लिखा कि, भाजपा उनके बलिदान को जाया नहीं होने देगी।जबतक सूरज-चांद रहेगा, विजय सिंह का नाम रहेगा।
गौरतलब है कि बिहार में शिक्षक बहाली नियमावली में बदलाव और बिगड़ती कानून व्यवस्था के मुद्दे पर गुरुवार को विधानसभा घेराव करने जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। जिसमें कई कार्यकर्ता बुरी तरह घायल हो गए। वहीं बीजेपी नेता विजय कुमार सिंह की मौत हो गई। हालांकि विजय कुमार की मौत को लेकर आईपीआरडी (Information and Public Relations Department) ने एक बयान जारी कर दावा किया है कि बीजेपी नेता की मौत चोट लगने से नहीं हुई है।
भाजपा का ये है आरोप
सीसीटीवी फुटेज की प्रारंभिक जांच के बाद पटना पुलिस ने बताया कि जहां लाठीचार्ज किया गया, वहां भाजपा नेता मौजूद नहीं थे। एसएसपी ने कहा कि वे डाकबंगला की तरफ जा रहे थे, लेकिन तभी भगदड़ मच गई। इससे पहले कि विजय डाकबंगला चौराहे पर जाते, मूर्छित होकर गिर गए और जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। लेकिन भाजपा इस बात को मानने के लिए राजी नहीं है। भाजपा नेताओं का आरोप है कि विजय कुमार की मौत पुलिस की लाठीचार्ज से ही हुई है।
विजय कुमार की मौत की होगी जांच
इस बात की पुष्टि के लिए पटना में भाजपा नेताओं पर लाठीचार्ज को लेकर भाजपा नेएक उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन किया है। जांच के बाद जांच समिति अपनी रिपोर्ट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को सौंपेगी।इस बात की जानकारी देते हुए अपने ट्विटर के माध्यम से सम्राट चौधरी ने लिखा कि,भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा जी ने कल पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं पर हुई पुलिस प्रशासन की बबर्रता एवं राज्य सरकार के तानाशाही रवैये की घोर निन्दा की है तथा बर्बरतापूर्ण कार्रवाई के संबंध में एक उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन किया है।जांच समिति जल्द पटना आएगी।
भाजपा नेता विजय कुमार पंचतत्व में विलीन, उनकी मौत की जांच के लिए 4 सदस्यीय जांच समिति गठित