चंडीगढ़: हरियाणा में ज्यादा वजन या मोटे पेट वाले पुलिस अधिकारियों के लिए एक मुसीबत खड़ी हो गई है। दरअसल, ऐसे पुलिस अधिकारियों को अपना वेट और पेट कम करना होगा। ऐसा नहीं करने वाले अधिकारियों को स्वैच्छिक सेवानिवृत होना पड़ेगा। बता दें कि इस प्रक्रिया के लिए अब बड़े पेट वाले अधिकारियों को चिन्हित करने का काम शुरु कर दिया गया है। जिन्हें पुलिस लाइन में स्थानांतरित कर सुबह-शाम नियमित अभ्यास कराया जाएगा।
गृह मंत्री के सख्ती के बाद लिया गया फैसला
दरअसल, यह फैसला गृह मंत्री अनिल विज की सख्ती के बाद लिया गया है। विज ने पुलिस अधिकारियों की फिटनेस को लेकर सख्ती दिखाया था जिसके बाद पुलिस महानिदेशक पीके अग्रवाल ने इस मामले में सभी पुलिस अधीक्षकों (SP)और पुलिस उपायुक्तों (DCP)को फिटनेस को लेकर लिखित आदेश जारी किया है। महानिदेशक के आदेश के बाद ऐसे कर्मचारियों को चिन्हित करने का काम शुरु कर दिया गया है।
पुलिस लाइन में कराया जाएगा अभ्यास
ऐसे पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन में स्थानांतरित किया जाएगा, जहां उन्हें सुबह-शाम नियमित अभ्यास कर अपना वजन कम करना होगा। महानिदेशक के आदेश के मुताबिक, अगर कोई पुलिसकर्मी ऐसा नहीं करता है तो उन्हें स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने के लिए मजबूर किया जा सकता है। बता दें कि सभी पुलिस अधीक्षकों को थाने-चौकियों सहित फील्ड में तैनात सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के कद व वजन की जानकारी निर्धारित फार्मेट में मुख्यालय भेजनी होगी।
बता दें कि गृह मंत्री विज ने 18 मई को ही आदेश जारी कर दिया था कि बड़े पेट व ज्यादा वजन वाले पुलिस अधिकारियों की पहचान कर उन्हें एक्सरसाइज के लिए पुलिस लाइन भेजा जाए। लेकिन एक महीने बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिसके बाद विज ने सख्ती दिखाते हुए DGPको रिमाइंडर भेजा था।रिमाइंडर भेजने के बाद पुलिस मुख्यालय ने आदेश जारी किया है।