नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दिल्ली विश्वविद्यालय के शताब्दी वर्ष समारोह में पहुंचे हैं। डीयू पहुंचने के लिए उन्होंने दिल्ली मेट्रो का सहारा लिया। एक आम नागरिक की तरह उन्होंने भी मेट्रो में सवारी करने से पहले डीयू पहुंचने के लिए लोक कल्याण मार्ग से विश्वविद्यालय स्टेशन तक के लिए टोकन लिया और पूरे नियम कानून के साथ मेट्रो की यात्रा की। इसके साथ ही ट्रेन के अंदर यात्रियों से भी बातचीत की। बता दें कि डीयू के 100 साल पूरे होने पर आयोजित समारोह में पीएम मोदी को मुख्य अतिथि के रूप में बुलाया गया है।
PM ने अकादमिक ब्लॉक की रखी आधारशिला
दिल्ली विश्वविद्यालय के शताब्दी वर्ष समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली विश्वविद्यालय कंप्यूटर सेंटर और प्रौद्योगिकी संकाय की इमारत और दिल्ली विश्वविद्यालय के अकादमिक ब्लॉक की आधारशिला रखी। इसके साथ ही काफी टेबल बुक्स का एक सेट भी जारी किया।इसके बाद वहां मौजूद लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि डीयू ने 100 वर्षों में अपने मूल्यों को जिंदा रखा है।
Du एक मूमेंट रही है- पीएम
पीएम ने कहा कि कोई भी देश हो, उसकी यूनिवर्सिटीज और शिक्षण संस्थान उसकी उपलब्धि का सच्चा प्रतीक होते हैं। दिल्ली यूनिवर्सिटी सिर्फ एक यूनिवर्सिटी नहीं बल्कि एक मूमेंट रही है। इस यूनिवर्सिटी ने हर मूमेंट को जिया है, इस यूनिवर्सिटी ने हर मूमेंट में जान भर दी है। निष्ठा धृति सत्यम्, विश्वविद्यालय का ये ध्येय वाक्य अपने हर एक छात्र के जीवन में मार्गदर्शक दीपक की तरह है।
वास्तव में वही जीता है जिसके पास ज्ञान है
वहीं छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जिसके पास ज्ञान है वही सुखी है, वही बलवान है। वास्तव में वही जीता है जिसके पास ज्ञान है। इसके साथ ही उन्होंने ये भी कहा किAI और VR साइंस फिक्शन, जिसको हम फिल्मों में देखते थे। वह अब हमारे जीवन का हिस्सा हैं।