पटना: बिहार में होने वाली 23 जून को विपक्षी दलों की बैठक के बाद नीतीश कैबिनेट (Nitish Cabinet) का विस्तार होने वाला है। महागठबंधन सरकार में शामिल दल कांग्रेस से दो मंत्री और राजद से एक मंत्री शपथ ग्रहण करेंगे। इस बात की जानकारी बिहार कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह द्वारा दी गई। अखिलेश प्रसाद के मुताबिक, इस विषय पर कोई सस्पेंस या चिंता की बात नहीं है। क्योंकि नीतीश कुमार के तरफ से यह तय किया जा चुका है कि कांग्रेस के 2 व आरजेडी के 1 मंत्री बनेंगे। फिलहाल 23 जून को होने वाली बैठक की तैयारी चल रही है।
दरअसल, खबर सामने आई है कि नीतीश कुमार की नेतृत्व वाली महागठबंधन सरकार में शामिल पार्टी कांग्रेस नीतीश कैबिनेट में अपना हिस्सा मांग रही है। कांग्रेस की इसी मांग को पूरा करने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री ने कांग्रेस कोटे से दो विधायक और राजद से एक विधायक को मंत्री बनाकर कैबिनेट विस्तार का फैसला लिया है। गौरतलब है कि RJDकोटे से दो मंत्रियों कार्तिकेय कुमार और सुधाकर सिंह द्वारा इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से ही बिहार में कैबिनेट विस्तार की अटकलें तेज हो गईं थी। वहीं अब यह तय हो चुका है कि नीतीश कैबिनेट का विस्तार होने जा रहा है।
बता दें कि अभी हाल ही में जीतन राम मांधी के बेटे संतोष कुमार सुमन ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। उनके जगह पर सोनबरसा से जेडीयू विधायक रत्नेश सदा को मंत्री बनाया गया। वहीं अब अन्य खाली पदों के लिए कांग्रेस और आरजेडी के विधायक को मंत्री बनाया जाएगा। वर्तमान में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर नीतीश कैबिनेट में 31मंत्री हैं, अन्य 4 विभागों की जिम्मेवारी अलग -अलग मंत्रियों को अतरिक्त प्रभार के रूप में दिया गया है।