नई दिल्ली: विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के सामने ढेर हो गई और 209 रन से मुकाबला हार गई। इस हार के साथ ही भारत काICC ट्रॉफी जीतने का इंतजार और बढ़ गया।इंडियन टीम की इस करारी हार की चर्चा हर तरफ हो रही है। फैंस महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी को याद कर रहे हैं। जिस पर हरभजन सिंह ने अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी है।
फैंस को आई धोनी की कप्तानी की याद
डब्लूटीसी फाइनल में कंगारू टीम से मिली हार के बाद भारतीय फैंस काफी गुस्से में नजर आ रहे हैं।भारतीय टीम की इस करारी हार का जिम्मेदार कप्तान रोहित शर्मा और हेड कोच राहुल द्रविड को बताया जा रहा है।वहीं फैंस भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी को याद करते हुए उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं।सोशल मीडिया पर एक फैन ने कैप्टन कूल माही का गुणगाण किया तो हरभजन सिंह को गुस्सा आ गया।
माही को दियाजीत का क्रेडिट
एक क्रिकेट फैन ने साल 2007 वर्ल्ड कप की जीत का क्रेडिट टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को दिया। यूजर ने ट्वीट करके लिखा,उस टीम के पास कोई कोच नहीं था, ना मेंटर था, साथ ही टीम के ज्यादातर खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट में हिस्सा लेने से मना कर दिया था। इस टूर्नामेंट से पहले तक महेन्द्र सिंह धोनी ने कभी कप्तानी नहीं की थी, लेकिन इस खिलाड़ी ने सेमीफाइनल में प्राइम ऑस्ट्रेलिया को हराया और कप्तान बनने के महज 48 दिनों बाद टीम को T20 वर्ल्ड कप खिताब जिता दिया।
हरभजन सिंह ने गुस्से में दिया जवाब
हरभजन सिंह को धोनी की इस तारीफ वाले ट्वीट पर गुस्सा आ गया। उन्होंने व्यंग के अंदाज में ट्वीट करते हुए लिखा,हां जब ये मैच खेले गए थे तो ये युवा लड़का (धोनी) अकेले भारत की तरफ से खेल रहा था, बाकी और 10 लोग नहीं.. इसलिए अकेले ही उन्होंने विश्व कप की ट्रॉफियां जिता दीं। हरभजन ने आगे लिखा, बड़ी विडंबना है कि जब ऑस्ट्रेलिया या कोई अन्य देश वर्ल्ड कप जीतता है, तो हेडलाइन ये बनती हैं कि ऑस्ट्रेलिया या किसी देश ने टूर्नामेंट जीता है, लेकिन जब भारत ऐसा करता है तो कहा जाता है कि कप्तान ने टीम को जिता दिया। हरभजन ने आखिरी में कहा कि, बता दूं ये एक टीम स्पोर्ट है और आप साथ में जीतते हो और साथ ही हारते भी हो।