Delhi: रामलीला मैदान से केजरीवाल की हुंकार, बोले- ‘चौथी पास राजा को समझ नहीं आ रहा देश कैसे चलाएं’

Delhi Arvind Kejriwal:रविवार को दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने रामलीला मैदान से हुंकार भरी। आमआदमी पार्टी की महारैली से केन्द्र सरकार को निशाने पर लिया। अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी को लेकर कहा कि चौथी पास राजा को यह समझ नहीं आ रहा है कि देश को कैसे चलाएं। बता दे कि आम आदमी पार्टी ने इस महारैली का आयोजन केंद्र सरकार द्वारा लाए गए अध्यादेश के खिलाफ किया।

संविधान को बचाएं- आतिशी

आप की महारैली को संबोधित करते हुए दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी मार्लेना ने कहा कि ये लड़ाई अरविंद केजरीवाल की नहीं है, ये जनता के वोट की ताकत की लड़ाई है। आज दिल्ली के लोगों की महारैली है। आज दिल्ली के लोग आ रहे हैं, देश के संविधान को बचाने के लिए।

वहीं, सीएम केजरीवाल ने कहा कि आज से 12 साल पहले भ्रष्टाचार के खिलाफ इसी रामलीला मैदान में इकट्ठे हुए थे। आज इसी मंच से एक अहंकारी तानाशाह को देश से हटाने के लिए मंच पर इकट्ठे हुए हैं। आज इसी मंच से जो आंदोलन शुरू हो रहा है, वो भी पूरा होगा।

हमारा पीएम अहंकारी- अरविंद केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 19 मई को देश के प्रधानमंत्री ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले को खारिज कर दिया। पीएम कहते हैं कि मैं सुप्रीम कोर्ट को नहीं मानता। 75 साल के इतिहास में पहली बार एक ऐसा पीएम आया है, जो कहता है कि मैं सुप्रीम कोर्ट को नहीं मानता। पूरे देश के लोग स्तब्ध हैं। देश के लोगों को यकीन नहीं हो रहा है कि इतना अहंकारी पीएम कैसा है।

सीएम केजरीवाल ने आगे कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि दिल्ली की जनता सुप्रीम है, लेकिन पीएम ने ये अध्यादेश पारित कर दिया और आदेश को खारिज कर दिया। अध्यादेश कहता है कि अब दिल्ली के अंदर जनतंत्र नहीं होगा। अब दिल्ली में तानाशाही चलेगी। अब जनता सुप्रीम नहीं है। अब जनता नहीं एलजी सुप्रीम होगा। जनता जिसे भी वोट दे और सरकार बनाए, पीएम कहते हैं कि सरकार तो मैं ही चलाऊंगा।

पीएम बदल रहें संविधान- केजरीवाल

26 जनवरी 1950 को देश का संविधान लागू हुआ। अंबेडकर ने संविधान में लिखा कि इस देश के अंदर जनतंत्र होगा, जनता सुप्रीम होगी। पीएम ने भारत का संविधान बदल दिया। अब जनता नहीं एलजी होगा। इस अध्यादेश के खिलाफ सभी पार्टियों के नेताओं से मिल रहा हूं। दिल्ली वालों पूरे देश के लोग सभी आपके साथ हैं। 140 करोड़ मिलकर इस अध्यादेश का विरोध करेंगे और जनतंत्र को बचाएंगे।

उन्होंने आगे कहा कि ये मत सोचना कि ये केवल दिल्लीवालों के साथ हुआ है। ऐसा ही अध्यादेश राजस्थान के लिए, पंजाब के लिए, एमपी के लिए, महाराष्ट्र के लिए लाया जाएगा। इसे अभी ही रोकना पड़ेगा। दिल्ली वालों ने साल 2014 में मोदी जी को 7 सीटें दी, लेकिन विधानसभा में 70 में से 3 सीट बीजेपी को दीं, 67 सीटें आप को दीं। उसके बाद साल 2019 में कहा कि आप देश संभालो, लेकिन 70 में से 62 सीटें दी, बोले केजरीवाल जी आप दिल्ली संभालो। लेकिन वो फिर भी दिल्लीवालों के पीछे पड़े हुए हैं। आपसे देश नहीं संभल रहा है, बेड़ा गर्क कर दिया है आपने। दूध, सब्जी, एलपीजी कितनी महंगी होगी।

महारैली को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि चौथी पास राजा को समझ ही नहीं आ रहा है कि देश कैसे चलाया जाता है। चारों ओर बेरोजगारी फैली हुई है। इनको समझ नहीं आ रहा है कि कैसे दूर करें। भ्रष्टाचार कैसे दूर करे। जीएसटी की वजह से व्यापारी परेशान हैं। रेलवे का क्या हाल कर दिया। बेड़ा गर्क कर दिया। साल 2002 में पीएम गुजरात के सीएम बने। 12 साल गुजरात के सीएम रहे। बीते 9 साल से पीएम हैं।

उन्होंने आगे कहा कि 21 साल हो गए राज करते-करते। मैं साल 2015 में सीएम बना। मेरे को 8 साल हो गए। आज उन्हें चैलेंज करता हूं। 21 साल और आठ साल किसने ज्यादा काम किया। मोदी जी कहते हैं कि गरीबों में रेवड़ी बांट दी। अरे मैंने तो गरीबों के हाथ में अगर चार रेवड़ी रख दी तो क्या हो गया। आपने पूरा का पूरा रेवड़ा अपने दोस्त के हाथ में रख दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *