मणिपुर हिंसा मामले में अमित शाह का बड़ा ऐलान, सीबीआई करेगी मामले की जांच

इंफाल: मणिपुर में हुई हिंसा पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अपनी रिपोर्ट जारी कर दी है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह खुद मणिपुर दौरे पर हैं। इस दौरान एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमित शाह ने एलान किया कि मणिपुर हिंसा की जांच के लिए न्यायिक आयोग का गठन किया जाएगा। साथ ही सीबीआई द्वारा भी हिंसा की छह घटनाओं की जांच की जाएगी।

यह किया गृह मंत्री ने ऐलान

मणिपुर हिंसा पर गृह मंत्री @AmitShah का बयान : मणिपुर हाईकोर्ट के एक जल्दबाज फैसले के कारण जातीय हिंसा हुई।

* हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में कमीशन हिंसा की जांच करेगी।
* #CBI हिंसा से जुड़े केस की जांच करेगी।#Imphal #ManipurViolence #Manipur pic.twitter.com/XEw1qXwH68
Surya Samachar (@SuryaSamacharIN) June 1, 2023

गृहमंत्री ने कहा कि हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में जांच होगी। अमित शाह ने पीड़ितों को 10-10 लाख रुपए का मुआवजा देने का एलान किया, जिनमें से 5 लाख केंद्र सरकार और पांच लाख राज्य सरकार द्वारा दिए जाएंगे। गृहमंत्री ने लोगों से अपील की कि जिनके पास हथियार हैं, वो हथियार पुलिस के पास जमा कर दें।

केंद्र सरकार ने की घोषणा

केंद्र सरकार मेडिकल विशेषज्ञों की आठ टीमों को भी मणिपुर भेजेगी, जिनमें 20 डॉक्टर्स होंगे। ये टीमें हिंसा प्रभावित इलाकों में लोगों की मदद करेंगी। पांच टीमें मणिपुर पहुंच चुकी हैं और तीन अन्य भी जल्द पहुंच जाएंगी। ऑनलाइन माध्यम से स्कूलों को संचालित करने की भी तैयारी हो रही है और परीक्षाएं भी तय योजना के अनुसार होंगी।

फिर भड़की हिंसा

अमित शाह के दौरे के बीच ही राज्य में फिर हिंसा भड़क गई। दरअसल कुकी उग्रवादियों के साथ गोलीबारी में तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना बिशनुपुर जिले की है। घायलों को इंफाल के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खबर के अनुसार, पुलिस और उग्रवादियों के बीच गोलीबारी बुधवार रात को तांगजेंग इलाके में खुंबी पुलिस स्टेशन में हुई।

इतने लोगों की हुई मौत

मणिपुर में करीब एक महीने पहले ट्राइबल सॉलिडेरिटी मार्च के दौरान हिंसा भड़की थी। दरअसल मैती समुदाय के लोग जनजातीय आरक्षण की मांग कर रहे हैं। इसी के खिलाफ मणिपुर के पहाड़ी इलाकों में ट्राइबल मार्च के दौरान हिंसा भड़की। हिंसा में अभी तक 80 के करीब लोगों की मौत हो चुकी है। कई उग्रवादी संगठनों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ की खबरें सामने आई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *