IPL 2023:आईपीएल 2023 में बस अब एक फाइनल मुकाबला बचा है। इस मुकाबले के बाद 2023 की चैंपियन टीम मिल जाएगी। इस सीजन में एक के बाद एक शानदार मुकाबले देखने को मिले। इस सीजन में भारतीय खिलाड़ियों का जलवा भी देखने को मिला।
टीम इंडिया के कैप्ड खिलाड़ियों की बात करे तो विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, शुभमन गिल ने कमाल का प्रदर्शन किया। अनकैप्ड भारतीयों की लिस्ट में रिंकू सिंह, यशस्वी जायसवाल और तिलक वर्मा और नीतीश राणा जैसे खिलाड़ियों ने सुर्खियां बटोरीं। इसके बाद भारत के विस्फोटक बल्लेबाज वीरेन्द्र सहवाग ने इस सीजन के टॉप 5 बल्लेबाजों को चुना।
वीरेन्द्र सहवाग ने अपने इन पांच बल्लेबाजों में विराट कोहली और शुभमन गिल को शामिल नहीं किया। सहवाग ने अपनी इस लिस्ट में सबसे आगे रिंकू सिंह को रखा है। इसके पीछे उन्होंने कारण दिया कि ऐसा कभी भी नहीं हुआ कि एक ओवर में पांच छक्के लगाकर किसी ने मैच जीता हो।
इसके बाद उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाज शिवम दुबे को चुना। जिन्होंने इस सीजन में 33 छक्के लगाए और चेन्नई के मध्यक्रम को मजबूती प्रदान की। सहवाग ने अपनी इस लिस्ट में मध्यक्रम के बल्लेबाजों को ज्यादा प्राथमिकती दी है।
तीसरे नंबर पर वीरेन्द्र सहवाग ने आतिशी ओपनर यशस्वी जायसवाल को रखा। जिन्होंने 13 गेंदों पर पचासा लगाते हुए आईपीएल में सबसे तेज फिफ्टी लगाने का इतिहास अपने नाम किया। इस सीजन में जायसवाल ने एक शानदार शतक भी ठोका।
चौथे नंबर पर सहवाग ने सूर्यकुमार यादव को जगह दी। सूर्या ने इस सीजन 180 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 605 रन बनाए। वह मुंबई के लिए एक सीजन 600 प्लस रन बनाने वाले सचिन तेंदुलकर के बाद दूसरे बल्लेबाज बने। सूर्या ने भी इस सीजन में एक धमाकेदार शतक ठोका।
पांचवें स्थान पर उन्होंने अपनी टीम में ऐसा नाम चुना जिसे सुनकर कई लोग चौंक सकते हैं। उन्होंने पांचवें नंबर पर सनराइजर्स हैदराबाद के लिए हेनरिक क्लासेन को चुना। क्लासेन ने इस सीजन शतक भी लगाया और सीजन में अपनी टीम के लिए सबसे ज्यादा रन भी बनाए। कई मौकों पर अकेले दम पर क्लासेन ने जीत दिलाई।