नई दिल्ली:पहलवानों ने भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह की चुनौती स्वीकार कर ली है। पहलवानों ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के जरिए नार्को टेस्ट कराया जाए। बजरंग पूनिया ने कहा कि हम सभी किसी भी टेस्ट के लिए तैयार हैं, लेकिन इसे सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में कराया जाए। उन्होंने कहा कि नार्को टेस्ट लाइव हो ताकि सवाल और जवाबों को पूरा देश सुने।
बृजभूषण ने पहलवानों को दी थी चुनौती
बृजभूषण सिंह ने रविवार को कहा था कि वो अपना नार्को टेस्ट, पॉलीग्राफी टेस्ट और लाई डिटेक्टर टेस्ट कराने के लिए तैयार हैं। इसके साथ ही उन्होंने पहलवानों के सामने भी टेस्ट करवाने की शर्त रखी थी। बृजभूषण सिंह ने कहा था कि विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया का भी टेस्ट होना चाहिए।
23 मई को इंडिया गेट पर कैंडल मार्च
बजरंग पुनिया, साक्षी मलिक, विनेश फोगाट समेत कई पहलवान बृजभूषण सिंह के खिलाफ 23 मई को दिल्ली के इंडिया गेट पर कैंडल मार्च निकाला जाएगा। पहलवानों के समर्थन में खाप पंचायतें भी आ चुकी हैं। इस मामले को लेकर रविवार को महम चौबीस में खाब महापंचायत हुई थी। अब 28 मई को नए संसद भवन के सामने खापों की महिला महापंचायत होगी। इसमें देशभर से महिलाओं के अलावा खाप और किसान नेता भी पहुंचेंगे।
ये है पूरा मामला
भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष और बीजेपी सांसद बृजभूषण सिंह पर यौन उत्पीड़न का आरोप है। कई महिला रेसलर्स ने उन पर गलत इंटेंशन से छूने का आरोप लगाया है। बृजभूषण सिंह के लिए खिलाफ पहलवान गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। वो 23 अप्रैल से जंतर-मंतर पर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। बता दें बृजभूषण सिंह के खिलाफ दो प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है। एक नाबलिग लड़की ने उनके ऊपर यौन शोषण का आरोप लगाया है। जिसके तहत बृजभूषण सिंह के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं दूसरी प्राथमिकी एक वयस्क महिला ने दर्ज कराई है।