बेंगलुरु: कर्नाटक विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत के बाद कांग्रेस में अब राज्य के नए मुख्यमंत्री को लेकर होड़ मची है। इस बीच आज कांग्रेस द्वारा कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री की घोषणा करने की संभावना है। मुख्यमंत्री की रेस में दो नेता पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैयार और प्रदेश पार्टी अध्यक्ष डी के शिवकुमार हैं। इन दोनों में फिलहाल सिद्धारमैया आगे चल रहे हैं। वहीं, शिवकुमार का कहना है कि पार्टी मामले पर जो भी करेगी,उसकी परवाह किए बिना वह बैकस्टैबिंग या ब्लैकमेल का सहारा नहीं लेंगे।
आज यानी मंगलवार को दिल्ली में कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व के साथ कांग्रेस विधायकों की बैठक होनी है। इस बैठक में दक्षिणी राज्य में सरकार गठन के मुद्दे पर चर्चा होगी। इस दौरान पार्टी के शीर्ष नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और सोनिया गांधी आज राज्य के अगले मुख्यमंत्री के बारे में अपने फैसले की घोषणा करेंगे।
बैठक से पहले डीके शिवकुमार ने कहा कि, अगर पार्टी चाहती है तो वे मुझे जिम्मेदारी दे सकते हैं… हमारा एक एकजुट सदन है, हमारी संख्या 135 है। मैं यहां किसी को बांटना नहीं चाहता। वे मुझे पसंद करें या न करें, मैं एक जिम्मेदार व्यक्ति हूं। मैं करूंगा। हालांकि पार्टी का जो भी फैसला होगा उससे मैं बैकस्टैब या ब्लैकमेल का सहारा नहीं लूंगा।