नई दिल्ली:वैसे तो कोई कुख्यात अपराधी जब जेल में रहता है बाहर के लोग खुद को महफूज महसूस करते हैं। लेकिन सवाल तो तब उठने लगता है जब जेल के भीतर भी कोई अपराधी बेखौफ होकर किसी की हत्या कर दे। ऐसे में दिल्ली के तिहाड़ जेल में 19 दिन के भीतर हुई दो गैंगवार की घटनाओं मे दो कैदियों की मौत के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। 2 मई को हुई टिल्लू ताजपुरिया की हत्या के बादतिहाड़ के डीजी संजय बेनीवाल ने जेलों के अंदर पहली बार क्विक रेस्पॉन्स टीम (QRT) तैनात करने के आदेशदिए हैं।
शूट ऐट साइट की भी होगी पावर
डीजी संजय बेनीवाल के बयान के मुताबिक, इसमें टीएसपी, सीआरपीएफ, आईटीबीपी और जेल के जवान शामिल होंगेजिन्हेंडंडों से नहीं, बल्कि ग्लोक पिस्टल और एके-47 रायफल से लैस किया जाएगा। इन्हें जेल के अंदर कत्ल होने की स्थिति में शूट ऐट साइट की पावर भी होगी। QRT में तैनात जवानों को हेलमेट के साथ ही बुलेटप्रूफ जैकेट और मिर्च पाउडर जैसी चीजों से भी लैस होंगे।सुरक्षा के लिहाज से तिहाड़ जेल के बाहर तैनात भारत तिब्बत सीमा पुलिस यानी ITBP के जवानों की तादाद भी बढ़ाई जाएगी।
टीम में 7-8 कर्मी होंगे शामिल
एक जेल में दो क्यूआरटी होगी। जिसमें एक टीम की हाई सिक्योरिटी सेल में तैनात होगी जबकि दूसरी टीम पूरे जेल की निगरानी करेगी। यह व्यवस्था तिहाड़ के 14 जेलों में की गई है। एक टीम में सात से आठ कर्मियों को शामिल किया गया है।इनके पास बॉडी प्रोटेक्टर के साथ साथ लाठी, स्प्रे, इलेक्ट्रिक शॉक वाले डंडे होंगे। जिससे वह आपात काल में कैदियों को काबू कर सकेंगे।
तिहाड़ जेल में हुई थी टिल्लू की हत्या
गौरतलब है कि तिहाड़ जेल में गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया की 2 मई को निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई थी। इस घटना को उस दिन सुबह लगभग साढ़े छह बजे अंजाम दिया गया था। टिल्लू ताजपुरिया ग्राउंड फ्लोर पर जेल नंबर-9 में बंद था।इस दौरान जेल में ही बंद चार बदमाशों दीपक उर्फ तीतर, योगेश उर्फ टुंडा, राजेंद्र और रियाज खान ने सुए और धारदार हथियार से टिल्लू पर ताबड़तोड़ हमला किया था।इस हमले में टिल्लू बुरी तरीके से घायल हो गया था जिसे अस्पताल ले जाया गया था।
टिल्लू पर एक के बाद एक कुल 90 वार किए गए थे। जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं, टिल्लू की हत्या करने वाले चारों आरोपी कैदियों को दूसरी जेलों में शिफ्ट कर दिया गया है। इस मामले में जेल के आठ स्टाफ को ही सस्पेंड किया गया है। दो अन्य के खिलाफ विभागीय जांच की जा रही है।