ओटावा: भारतीय खुफिया एजेंसियों की सिफारिश पर कनाडा पुलिस ने गोल्डी बराड़ पर बड़ा एक्शन लिया है। सतिंदरजीत सिंह उर्फ़ गोल्डी बराड को कनाडा पुलिस ने मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल कर दिया है।
इस सूची में डाला गया नाम
कनाडा के भगोड़े टॉप 25 मोस्ट वांटेड अपराधियों में उसे शामिल किया गया है। कनाडा सरकार की तरफ से बी ऑन द लुक आउट (BOLO) सूची में रखा गया है। गोल्डी बराड़ कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस का करीबी है। जो लॉरेंस के तिहाड़ जेल में होने के बाद विदेश में बैठकर उसके गैंग को ऑपरेट कर रहा है।
बराड़ को मिला 15वां स्थान
कनाडा सरकार ने इस सूची में गोल्डी बराड़ को 15वां स्थान दिया है। गोल्डी को रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) के कहने पर इस लिस्ट में शामिल किया गया है। वहीं दूसरी तरफ कनाडा की पुलिस ने गोल्डी बराड़ पर यह एक्शन इंटरपोल के कहने पर लिया है।
इंटरपोल ने जारी किया है रेड कॉर्नर नोटिस
इंटरपोल की वेबसाइट के अनुसार गोल्डी के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी है, जिसे भारत सरकार के कहने पर जारी किया गया था। गोल्डी बराड़ पहले ही भारत सरकार द्वारा वांटेड है। इसमें गोल्डी पर हत्या, आपराधिक साजिश और अवैध हथियारों की सप्लाई, हत्या का प्रयास, आपराधिक साजिश में अवैध हथियार उपलब्ध करवाने जैसे संगीन अपराध जोड़े गए हैं।