होली पर पीएम मोदी ने दिया अन्नदाता को तोहफा ,किसान सम्मान निधि की 13वीं किस्त जारी

नई दिल्ली: देश के किसानों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज होली से पहले वो तोहफा दे दिया जिसका वो बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। प्रधानमंत्री ने आज कर्नाटक से पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 13वीं किस्त जारी की। जिसके तहत देश के 8 करोड़ से अधिक अन्नदाता के खातों में कुल 16,800 करोड़ रुपये से अधिक धनराशि जमा की गई। इस दौरान कृषि और किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर और कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई भी मौजूद रहे।

किसान सम्मान निधि की 11वीं और 12वीं किस्त पिछले साल मई और फिर 17 अक्टूबर में जारी की गई थी। इस योजना के तहत केंद्र सरकार द्वारा किसानों को सालाना 6 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाती है। ये राशि हर 4 महीने के अंतराल में तीन-तीन किस्तों में यानि 2000 रुपये राशि के रुप में किसानों के खाते में सीधे ट्रांसफर की जाती है।

किसान सम्मान निधि का उद्देश्य

केंद्र सरकार ने देश के किसानों के लिए 24 फरवरी 2019 को किसान सम्मान निधि की शुरूआत की थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई इस योजना का उद्देश्य देश भर में खेती योग्य भूमि वाले सभी भूमिधारक किसान परिवारों को आर्थिक मदद उपलब्ध कराना है। इस योजना के तहत अब तक, 11 करोड़ से अधिक किसान परिवारों, खासतौर से छोटे और सीमांत किसानों को 2.25 लाख करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि उनके बैंक खातों में जमा की गई है।

पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत अगर सरकारी आकंड़ों के अनुसार पिछले 4 सालों की बात करें तो। अब तक 11.30 करोड़ से अधिक किसानों के खाते में 12 किस्तों में 2 लाख 24 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि ट्रांसफर की जा चुकी है।

किसान ऐसे प्राप्त कर सकते हैं जानकारी

किसान सम्मान निधि प्राप्त करने में किसानों को कोई समस्या ना हो इसके लिए सरकार ने एक हेल्पलाइन नंबर 155261, 1800115526 भी उपलब्ध कराया है। जिसपर बात करके किसान अपनी राशि के बार में पता लगा सकते है। इसके अलावा सरकारी वेबसाइट http://pmkisan.gov.in पर भी जाकर किसान अपने भुगतान की स्थिति की जांच कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *