#BBCITRaid: 19 घंटों से आयकर विभाग की छापेमारी जारी, 4 कीवर्ड को खंगाल रहे अधिकारी

#BBCITRaid:आयकर विभाग की छापेमारी 19 घंटों से जारी है। आयकर विभाग (Income Tax) के अधिकारी अभी भी बीबीसी ऑफिस (BBC Office) में मौजूद है। मंगलवार को आयकर विभाग ने इंटरनेशल टैक्स (International Tax) को लेकर बीबीसी ऑफिस में छापेमारी की थी। अब तक अधिकारी कुछ कीवर्ड को खंगाल रहे हैं।

अधिकारियों का किया जा रहा सहयोग- बीबीसी

छापेमारी के दौरान इनकम टैक्स अधिकारियों ने बीबीसी के कर्मचारियों के मोबाइल को जब्त कर लिया और कर्मचारियों को घर भेज दिया गया। जिसके बाद बीबीसी ने अपनी ओर से एक बयान जारी करते हुए कहा था कि वह आयकर विभाग की टीम का सहयोग कर रहे हैं। उन्हें पूरी उम्मीद है कि मामला जल्द ही सुलझा लिया जाएगा। साथ ही आगे कहा था कि उनका आउटपुट और पत्रकारिता से जुड़ा काम प्रतिदिन की तरह चलता रहेगा और हम पाठकों को सेवा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

चार कीवर्ड खंगाल रहा इनकम टैक्स

बता दे कि मामला इंटरनेशनल टैक्स में गड़बड़ी का बताया जा रहा है। इनकम टैक्स के अधिकारी बुधवार को भी जांच जारी रख सकते हैं। फिलहाल इनकम टैक्स की टीम बीबीसी कार्यालय में कर्मचारियों के कंप्यूटर में शेल कंपनी, फंड ट्रांसफर, विदेशी ट्रांसफर सहित सिस्टम पर चार कीवर्ड खोज रही है।

बीबीसी के दफ्तरों में आईटी की छापेमारी को लेकर अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने बयान जारी किया है। जिसमें मंत्रालय के प्रवक्ता नेड प्राइस ने कहा कि, हम भारतीय कर अधिकारियों द्वारा दिल्ली में बीबीसी कार्यालयों की तलाशी के बारे में जानते हैं। मैं और अधिक व्यापक रूप से कहूंगा कि हम दुनिया भर में स्वतंत्र प्रेस के महत्व का समर्थन करते हैं।

विपक्ष केन्द्र पर हमलावर

इससे पहले मंगलवार को विपक्ष केन्द्र सरकार पर जमकर हमलावर हुआ था। कांग्रेस ने इसे लोकतंत्र की हत्या तक कहा। कांग्रेस ने एक जारी ट्वीट में कहा है कि, पहले (BBC) की डॉक्यूमेंट्री आई, उसे बैन किया गया। अब (BBC) पर (IT) का छापा पड़ गया है। अघोषित आपातकाल।

बीबीसी एक भ्रष्ट संस्थान- बीजेपी

बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया का कहना था कि बीबीसी एक भ्रष्ट संस्थान है। बीबीसी का प्रोपेगेंडा और कांग्रेस का एजेंडा एक साथ काम कर रहा है। जिससे भ्रामक जानकारी फैलाई जा रही है। बीबीसी का इतिहास भारत को कलंकित करने वाला रहा है। पहले भी बीबीसी कई विवादों में रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *