Paper Leak: राज्य में नहीं होगा अब परीक्षा का पेपर लीक, नकल रोकने के लिए हरियाणा बोर्ड ने अपनाया ये फॉर्मूला

भिवानीः हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड भिवानी की सेकेंडरी व सीनियर सेकेंडरी की वार्षिक परीक्षाएं 27 फरवरी से शुरू होकर 28 मार्च तक संचालित करवाई जाएंगी। अक्सर राज्य में बोर्ड की परीक्षा शुरू होने से पहले ही प्रश्न पत्र लीक हो जाता है। लेकिन अब से ऐसा नहीं होगा। इसके लिए हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड भिवानी ने पूरी तैयारी कर ली है। नकल रोकने के लिए शिक्षा बोर्ड ने एक अनोखा फॉर्मूला अपनाया है। अब से परीक्षा पेपर के हर पृष्ठ पर QR कोड अंकित होकर आएगा। अगर कोई भी व्यक्ति पेपर का फोटो खींचता है तो इसकी जानकारी तुरंत ही बोर्ड के पास पहुंच जाएगी। साथ ही व्यक्ति की पूरी डिटेल्स का भी पता चल जाएगा।

प्रश्न पत्र के हर पृष्ठ पर होंगे तीन क्यूआर कोड

इस वर्ष 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में प्रश्न पत्र के हर पेज पर तीन क्यूआर कोड अंकित होंगे। नकल पर रोक लगाने के लिए यह एक नई और बेहतरीन तकनीक है। इस तकनीक के तहत प्रश्न पत्र लीक नहीं होगा और नकल पर अंकुश लगेगा। इन कोड से यह भी पता चल जाएगा की कौन पेपर की फोटो खींच रहा है, कहां से खींच रहा है एवं खींचने वाले की पूरी डिटेल्स का भी पता चल जाएगा। इससे परीक्षाओं के दौरान होने वाली अनियमितताओं पर रोक लगेगी।

इस तकनीक को अपनाने वाला हरियाणा बना देश का पहला राज्य

हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड यह फॉर्मूला अपनाने वाला भारत का पहला बोर्ड बना है। अभी तक किसी भी राज्य ने इस तकनीक का इस्तेमाल नहीं किया है। नकल को रोकने के लिए अगर यह तकनीक कारगर रहती है तो दूसरी प्रतियोगी परीक्षाओं में भी इसका इस्तेमाल किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *