नई दिल्ली: भारतीय टीम इस समय न्यूजीलैंड के साथ द्विपक्षीय सीरीज खेल रही है। तीन मैचों की वनडे सीरीज के बाद दोनों देशों के बीच इतने ही मुकाबलों की टी20 सीरीज खेली जा रही है। जिसमें कप्तान रोहित शर्मा, केएल राहुल और रन मशीन विराट कोहली को आराम दिया है। जिसका लाभ उठाते हुए कोहली अपनी छुट्टियों का जमकर मजा ले रहे हैं। वो अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ ऋषिकेश पहुंचे हैं। जहां उन्होंने धार्मिक स्थलों पर पूजा-अर्चना की और स्वामी दयानंद गिरि के आश्रम में जाकर उनका आशीर्वाद लिया।
भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था। कीवी टीम पर क्लीन स्वीप से जीत हासिल करने में विस्फोटक बल्लेबाज विराट कोहली का अहम योगदान था। उन्होंने बैक टू बैक शतक लगाए और टीम को जीत दिलाई। न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में उन्हें आराम दिया गया। जिसका वो जमकर लुत्फ उठा रहे हैं और अपने परिवार के साथ छुट्टियों के मजे ले रहे हैं। वो उत्तराखंड के ऋषिकेश में धार्मिक स्थलों के दर्शन करने पहुंचे हैं।
सोशल मीडिया पर तस्वीर वायरल
विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। फैंस उनकी फोटो को काफी पसंद कर रहे हैं। बता दें न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज शुरू होने से पहले भी कोहली अपनी पत्नी अनुष्का के साथवृंदावन में बाबा नीब करौली के दर्शन के लिए गए थे। तब भी वीरुष्का के ट्रिप की तस्वीरें सोशल मीडिया पर हुई थी जिसे फैंस ने बेहद पसंद भी किया था। अब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत की टेस्ट सीरीज से पहले विराट कोहली अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ ऋषिकेश में धार्मिक यात्रा के लिए पहुंचे हुए हैं।
9 फरवरी से ऑस्ट्रेलिया के साथ टेस्ट सीरीज
ऑस्ट्रेलियाई टीम अगले महीने भारत दौरे पर आ रही है। जहां दोनों टीमों के बीच पहले बॉर्डर-गावास्कर ट्रॉफी के तहत चार टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी। इसके बाद 17 मार्च से तीन मैचों की वनडे सीरीज भी होगी। इस द्विपक्षीय सीरीज में विराट कोहली को भारतीय टीम और क्रिकेट फैंस को काफी उम्मीदें हैं। कोहली तेजी से सचिन के 100 शतकों के रिकॉर्ड की ओर बढ़ रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी वो चाहेंगे की अपने शतकों की संख्या को और बढ़ा सके और भारत को मैच जीता सके। बता दें दोनों टीमों के बीच पहला टेस्ट मैच नागपुर में 9 फरवरी से शुरू हो रहा है।