पुंछ में सेना ने पकडे हथियार, शोपियां में आतंकी हुआ गिरफ्तार

पुंछ: जम्मू कश्मीर में आज सेना को बड़ी सफलता हासिल हुई है। यहां सेना ने एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। सेना को यहां भारी मात्रा में हथियार बरामद हुए हैं। पुंछ में संदिग्धों की सूचना के बाद कलाई टॉप, शिंद्रा, रट्टा जब्बार और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया गया। सुबह से चलाए गए इस सर्च ऑपरेशन में बड़ी संख्या में सुरक्षाबल मौजूद रहे।

इस यूनिट ने की कार्रवाई

सेना की 39 आरआर और 15 जीआर के साथ सीआरपीएफ 72 बटालियन ने बड़े इलाके में संयुक्त अभियान चलाया। अधिकारियों के मुताबिक पुंछ से लगभग 18किलोमीटर दूर अभियान के दौरान युद्ध में प्रयोग किए जाने वाले हथियार बरामद किए गए हैं।

शोपियां में आतंकी को किया गिरफ्तार

शोपियां जिले के जैनापोरा इलाके के मुजमर्ग से सुरक्षा बलों ने एक आतंकी को हैंड ग्रेनेड के साथ गिरफ्तार किया। सूत्रों के अनुसार इसकी शिनाख्त बाबापोरा जैनापोरा निवासी मोहम्मद आसिफ नायकू के रूप में हुई है।

हमेशा सतर्क रहती है सेना

सीआरपीएफ के उप महानिरीक्षक आलोक अवस्थी ने बुधवार को पुलवामा में संवाददाताओं से कहा, जहां तक ​​भारत जोड़ो यात्रा का संबंध है, हम अधिक सतर्क हैं। अन्यथा भी, हम हमेशा सतर्क रहते हैं। जो कोई भी राजमार्ग पर यात्रा करता है, उसे सुरक्षित महसूस करना चाहिए, हमने सुरक्षा के सभी उपाय किए हैं।

कुछ दिन पहले मिली थी सीमा पर सुरंग

भारतीय सेना ने पुंछ में आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया। भारतीय सेना के अधिकारियों ने कहा, सेना की एक चौकी के पास एक बारूदी सुरंग पाई गई और बाद में उसे नष्ट कर दिया है। पुंछ के करमारा इलाके में माखी चौकी के पास सेना के जवानों ने शक्तिशाली विस्फोटक उपकरण देखा, जिसे बहुत पुराना माना जा रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *