ऑक्सफैम इंडिया (Oxfam India) की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा हुआ है। ऑक्सफैम (Oxfam) की नवीनतम रिपोर्ट सर्वाइवल ऑफ द रिचेस्ट: द इंडिया स्टोरी के अनुसार भारत के केवल 21 अमीरों के पास 70 करोड़ भारतीयों से अधिक संपत्ति है। कोरोना महामारी (Corona Pandemic) शुरू होने से लेकर पिछले साल नवंबर तक भारत में अरबपतियों की संपत्ति में 121 फीसदी या 3,608 करोड़ रुपए हर दिन की बढ़ोतरी हुई।
रिपोर्ट में बताया गया है कि जहां 2021 में केवल 5 फीसदी भारतीयों के पास देश की कुल संपत्ति का 62 फीसदी से अधिक हिस्सा था, वहीं निचले तबके के 50 फीसदी लोगों के पास केवल 3फीसदी संपत्ति थी। रिपोर्ट आगे बताती है कि साल 2020 में भारत में अरबपतियों की कुल संख्या 102 से बढ़कर 2022 में 166 हो गई है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत के 100 सबसे अमीर लोगों की संपत्ति को मिला दिया जाए तो यह 54.12 लाख करोड़ रुपए हो जाएगी। यह एक ऐसी राशि है जो पूरे केंद्रीय बजट को 18 महीने से अधिक के लिए वित्तपोषित कर सकती है।
आगे के विश्लेषण से पता चलता है कि अगर भारत के अरबपतियों पर उनकी पूरी संपत्ति पर 2 फीसदी की दर से एक बार कर लगाया जाता है, तो यह अगले तीन वर्षों के लिए देश में कुपोषित लोगों के पोषण के लिए 40,423 करोड़ रुपए की मदद कर सकते हैं।
बता दे कि, भारत में गरीबों पर अधिक कर (Tax) लगाया जाता है, अमीरों को कर (Tax) छूट से लाभ होता है। साल 2019 में, केंद्र सरकार ने कॉरपोरेट टैक्स स्लैब (Tax Slab) को 30 फीसदी से घटाकर 22 फीसदी कर दिया, जिसमें नई निगमित कंपनियां 15 फीसदी कम दर का भुगतान कर रही थीं।
साल 2020 से 21 में केंद्र सरकार द्वारा कॉर्पोरेट्स को प्रोत्साहन और कर छूट के रूप में अनुमानित राजस्व 1,03,285.54 करोड़ रुपए से अधिक था। यह राशि 1.4 वर्षों तक महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के लिए आवंटन के बराबर है।