नई दिल्ली: देश में आजकल भूकंप की घटना बढ़ती जा रही है एक तरफ जहां दिल्ली में बीते 31 दिसंबर को भूंकप की घटना सामने आई थी वहीं अब मेघालय में रविवार रात साढ़े ग्यारह बजे के करीब भूकंप के झटके महसूस किये गए, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.2 दर्ज की गई।
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक भूकंप के झटके एक जनवरी 2023 को रात साढ़े ग्यारह बजे महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र नोंगपोह में जमीन से 10 किमी. भीतर था। फिलहाल भूकंप से किसी जान-माल के हानि की पुष्टि नहीं की है।
इससे पहले कहां-कहां आया भूकंप?
बता दें कि इससे पहले दिल्ली में और दिल्ली से पहले हिमाचल के मंडी जिले में शनिवार भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए थे। जानकारी के मुताबिक भूकंप सुबह पांच बजकर 51 मिनट पर आया था, जिसकी रिक्टर स्केल पर तीव्रता 2.8 मापी गई थी। इसका केंद्र मंडी में जमीन से पांच किलोमीटर नीचे था। फिलहाल भूकंप से जानमाल का नुकसान नहीं हुआ था।
कैसे आता है भूकंप?
भूकंप के आने की मुख्य वजह धरती के अंदर प्लेटों का टकरना है। धरती के भीतर सात प्लेट्स होती हैं जो लगातार घूमती रहती हैं। जब ये प्लेटें किसी जगह पर आपस में टकराती हैं, तो वहां फॉल्ट लाइन जोन बन जाता है और सतह के कोने मुड़ जाते हैं। सतह के कोने मुड़ने की वजह से वहां दबाव बनता है और प्लेट्स टूटने लगती हैं। इन प्लेट्स के टूटने से अंदर की एनर्जी बाहर आने का रास्ता खोजती है, जिसकी वजह से धरती हिलती है और हम इसे भूकंप मानते हैं।