चंडीगढ़-श्रीनगरःशनिवार तड़के सुबह राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने आतंकवादी गतिविधियों से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में चंडीगढ़ और जम्मू-कश्मीर में कई स्थानों पर छापेमारी की। इन मामलों में कुछ संदिग्धों के परिसरों और ठिकानों पर अभी भी छापेमारी जारी है।
शुक्रवार को भी की गई थी छापेमारी
शुक्रवार को चलाए गए तलाशी अभियान में कुलगाम, पुलवामा, अनंतनाग, सोपोर और जम्मू जिलों में स्थानों को कवर किया गया। एनआईए ने तलाशी वाले परिसरों से विभिन्न आपत्तिजनक सामग्री जैसे डिजिटल डिवाइस, सिम कार्ड और डिजिटल स्टोरेज डिवाइस जब्त किए थे।
कई ओवर ग्राउंड वर्कर्स हैं रडार पर
एनआईए के अनुसार मामला आतंकवादी और विध्वंसक गतिविधियों को अंजाम देने के लिए आपराधिक साजिश से संबंधित है, जो विभिन्न अभियुक्त संगठनों और उनके सहयोगियों और ऑफ-शूट के कैडरों और ओवर ग्राउंड वर्कर्स द्वारा संचालित है। यह शूटर्स, अपने पाकिस्तानी कमांडरों और संचालकों के इशारे पर विभिन्न छद्म नामों के तहत काम कर रहे हैं।
टारगेट किलिंग में भी यही लोग हैं शामिल
उल्लेखनीय है कि, वे जम्मू-कश्मीर में साइबर स्पेस का इस्तेमाल कर आतंकी हमले करने, अल्पसंख्यकों, सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाने और सांप्रदायिक वैमनस्य फैलाने में शामिल हैं। एनआईए की जम्मू शाखा ने इस साल 21 जून को स्वत: संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया था।