चीन की सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी की पांच साल में एक बार होने वाली नेशनल कांग्रेस शनिवार को खत्म हो गई। एक हफ्ते के इस आयोजन में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और भी ज्यादा ताकतवर हुए हैं। उन्होंने अपने विरोधी प्रधानमंत्री को बाहर कर दिया है और रविवार को वह बतौर राष्ट्रपति अपना तीसरा कार्यकाल हासिल कर सकते हैं।
जिनपिंग ने बीजिंग के ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल में शनिवार को आखिरी दिन कांग्रेस को संबोधित किया। उन्होंने पार्टी के प्रति वफादार लोगों से कहा, संघर्ष करने की हिम्मत करो, जीतने की हिम्मत करो, हालात से प्रभावित हुए बिना कड़ी मेहनत करो। आगे बढऩे के लिए दृढ़ संकल्प रखो। जिनपिंग के भाषण के साथ नेशनल कांग्रेस खत्म हो गई।
आखिरी दिन हॉल में हाई वोल्टेज ड्रामा भी देखने को मिला। चीन के पूर्व राष्ट्रपति हू जिंताओ को समापन समारोह से उठाकर बाहर कर दिया गया जिस बारे में कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। बीजिंग में आयोजन बंद दरवाजों के पीछे हो रहा था जहां से बेहद सीमित जानकारी ही बाहर आ रही थी। कांग्रेस ने पार्टी के मुख्य नेतृत्व निकाय नवगठित सेंट्रल कमिटी का अनावरण किया। इसके 205 सदस्यों में से सिर्फ 11 महिलाएं हैं।
दूसरी ओर पार्टी में 68 साल के नेताओं की अनौपचारिक रिटायरमेंट माना जाता है. शी जिनपिंग 69 साल के हैं, उनके तीसरी बार राष्ट्रपति बनने के साथ ही अब भविष्य में उनको हटाना उनके किसी भी प्रतिद्वंदी के लिए बड़ा मुश्लिक हो गया है. केंद्रीय समिति के नए सदस्यों की सूची में शी का नाम भी शामिल है.