मल्लिकार्जुन और शशि थरूर ने किया नामांकन, दिग्विजय-गहलोत बने खड़गे के प्रस्‍तावक, जल्द होगा जीत-हार का फैसला ।

गांधी परिवार के भरोसेमंद मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव में उतर गए हैं, उन्होंने और शशि थरूर ने शुक्रवार को पर्चा भर दिया । अध्यक्ष पद की दौड़ से दिग्विजय सिंह ने खुद को बाहर कर लिया है । वह और अशोक गहलोत खड़गे के प्रस्तावक बने । खड़गे के चुनाव लड़ने से ये बात तो साफ हो चुकी है कि ये गांधी परिवार की च्वॉइस हैं।

कांग्रेस से दिग्विजय का पुराना नाता:

इस पूरे मामले पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि- मैंने पूरी जिंदगी कांग्रेस के लिए काम किया है और आगे भी करता रहूंगा. मैंने कभी भी तीन चीजों से समझौता नहीं किया- दलितों, आदिवासी और गरीबों के लिए खड़ा होना, सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ आवाज उठाना और नेहरू-गांधी परिवार के प्रति समर्पण।

खड़गे-दिग्विजय का पुराना याराना:

दिग्विजय ने कहा- खड़गे जी मेरे सीनियर हैं, मैं कल उनके आवास पर गया था और कहा कि अगर वह कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन कर रहे हैं तो मैं नहीं करूंगा, तब उन्होंने कहा कि वो नामांकन नहीं कर रहे हैं, इसके बाद मुझे मीडिया से मालूम चला कि वह इस पद के उम्मीदवार हैं, मैंने उनसे कहा कि मैं उनके साथ खड़ा हूं और उनके खिलाफ चुनाव लड़ने की सोच भी नहीं सकता ।

गांधी परिवार के करीबी हैं खड़गे

गांधी परिवार के करीबी और राजनीति में साफ छवि वाले मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस के कद्दावर नेता हैं । दलित समाज से आने वाले खड़गे के विपक्षी नेताओं से भी अच्छे संबंध हैं । विधायकों की बगावत के बाद वह पर्यवेक्षक बनकर राजस्थान गए थे, लेकिन एक सवाल यह भी खड़ा हो रहा है कि अगर खड़गे कांग्रेस अध्यक्ष बनते हैं तो क्या वह राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष का पद छोड़ेंगे, क्योंकि कांग्रेस में एक व्यक्ति-एक पद का सिद्धांत है, इससे पहले सीएम अशोक गहलोत को भी मुख्यमंत्री पद छोड़ने के लिए कहा गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *