नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली हिंसा भड़काने और आइबी अफसर अंकित शर्मा के हत्यारोपित आम आदमी पार्टी के निलंबित पार्षद ताहिर हुसैन को पुलिस ने आज दिल्ली के कड़कड़डूमा कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने हिंसा में मारे गए आईबी के अधिकारी अंकित शर्मा की हत्या के मामले में आरोपी ताहिर को सात दिन के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
ANI (@ANI) March 6, 2020
बता दें कि ताहिर हुसैन को दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार किया था। ताहिर ने गुरुवार को राउज एवेन्यू की विशेष अदालत में आत्मसमर्पण के लिए अर्जी दायर की थी। जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया था। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने अदालत परिसर से ही उसे गिरफ्तार कर लिया था।
ताहिर हुसैन से क्राइम ब्रांच की एसआइटी ने पूछताछ से लिए सवालों की सूची तैयार की है। उनसे पूछा जाएगा कि 23 फरवरी को दिनभर वह कहां थे? 24 व 25 फरवरी को उनके चांद बाग स्थित घर की छत पर इतने पत्थर, पेट्रोल बम, पॉलीथिन में तेजाब और गुलेल कहां से आए? घर में केमिकल की थैली भी मिली वो कहां से आई? क्या उनकी मौजूदगी में यह सामान छत पर पहुंचा? 24 व 25 फरवरी को वह कहां-कहां गए? 25 फरवरी को जिस समय अंकित की हत्या हुई वह कहां थे?
वहीं इससे पहले ताहिर हुसैन बृहस्पतिवार को एक टीवी चैनल के सामने आया। ताहिर ने सारे आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए सफाई दी। भाजपा पर फंसाने की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह हर तरह की जांच के लिए तैयार है। अंकित शर्मा की हत्या में उसका कोई हाथ नहीं है। हुसैन ने कहा कि वह घटना के संबंध में नार्को टेस्ट समेत सभी जांच के लिए तैयार है। चैनल को दिए साक्षात्कार में ताहिर ने कहा कि वह खुद दंगा पीड़ित है और पूरी तरह से बेकसूर है।