#AUSvSA: फाइनल में पहुंची ऑस्ट्रेलिया, 8 मार्च को भारत के साथ होगा मुकाबला

महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2020 का फाइनल मुकाबला गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच होगा। पहली बार महिला टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाने वाली भारतीय टीम की नज़र अब खिताब के ऊपर टिकी हुई है। यह खिताबी मुकाबला रविवार 8 मार्च को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा।

बता दें कि ऑस्ट्रेलिया ने बारिश से बाधित दूसरे सेमीफाइनल मैच में बाजी मारते हुए दक्षिण अफ्रीका को 5 रनों से (DLS) मात दे दी और छठी बार टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बना ली। दूसरे सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलिया को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया था जिसके बाद मेजबान टीम ने 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 134 रन बनाए। बारिश के दखल के बाद दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए 13 ओवरों में 98 रनों का रिवाइज्ड टारगेट मिला। जवाब में उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम 13 ओवरों में 5 विकेट पर 92 रन ही बना पाई और ऑस्ट्रेलिया फाइनल में पहुंच गया।

ICC WOMENS T20WC (@ICC2020WORLDCUP) March 5, 2020

वहीं इस से पहले भारत और इंग्लैंड (India vs England) के बीच होने वाले सेमीफाइनल को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे थे, लेकिन सुबह से ही हो रही बारिश ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। हालांकि आईसीसी के नए नियम के अनुसार नतीजे के लिए कम से कम दस-दस ओवरों का मैच पूरा होना जरूरी था, लेकिन लगातार हो रही भारी बारिश ने इसका भी मौका नहीं दिया। बारिश रुकने की संभावना न देख धीरे-धीरे स्टेडियम में बैठे दर्शकों की संख्या में कमी होने लगी और अंत में मैच अधिकारियों ने भी मैच रद्द करने का फैसला ले लिया।

अब मेलबर्न में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच निर्णायक मुकाबला खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार यह महामुकाबला दोपहर के 12:30 से शुरू होगा। टॉस का सिक्का आधे घंटे पहले उछलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *