चिदंबरम का सरकार पर हमला, बोले- देश में भय का माहौल, कोई निवेश नहीं करेगा

राज्यसभा में बजट 2020-21 पर चर्चा के दौरान पूर्व वित्तमंत्री पी चिदंबरम ने मोदी सरकार पर निशाना साधा. पी चिदंबरम ने कहा कि आज लोगों के पास पैसा नही है. किसी को भी निवेश के लिए प्रोत्साहन नहीं है. बल्कि इसके विपरीत पूरे देश में भय और अनिश्चितता का माहौल है. देश में कोई भी निवेश नहीं करेगा.

चिदंबरम ने कहा कि अर्थव्यवस्था गिरती मांग और बढ़ती बेरोजगारी का सामना कर रही है. इस समय देश में डर और अनिश्चितता का माहौल है. चिदंबरम ने कहा कि चार साल तक भाजपा सरकार में मुख्य आर्थिक सलाहकार रहे अरविंद सुब्रमण्यम ने कहा है कि अर्थव्यवस्था आईसीयू में पहुंच चुकी है.

चिदंबरम ने इस दौरान कहा कि लेकिन मैं कहना चाहूंगा कि मरीज को आईसीयू से बाहर रखा गया है, अनाड़ी डॉक्टर उसका इलाज कर रहे है और आसपास खड़े लोग सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के नारे लगा रहे हैं. यह खतरनाक है. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने जिस भी अनुभवी सक्षम डॉक्टर की पहचान की है, सभी देश छोड़कर चले गए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *