भारतीय टीम के पूर्व कोच अनिल कुंबले ने विराट कोहली को एक बार फिर नसीहत दे डाली है। कुंबले ने कहा है कि अगले साल होने वाले टी 20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम के कप्तान को तेज गेंदबाज के लिए सोचना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऑलराउंडर खिलाड़ी की जगह तेज गेंदबाज को तरजीह मिले। अक्टूबर-नवंबर (2020) में ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने वाले टी-20 वर्ल्ड कप की तैयारी के लिए भारतीय टीम आने वाले समय में अधिक टी-20 मुकाबले खेलेगी।
कुंबले ने क्रिकेटनेक्स्ट से कहा, मैं निश्चित रूप से मानता हूं कि आपको विकेट लेने वाले गेंदबाजों की जरूरत होगी। ऐसे में मेरे मुताबिक कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल जैसे खिलाड़ियों को टीम में जगह मिलनी चाहिए।आप सवाल उठा सकते हो कि जब ओस की वजह से गेंद गीली हो जाती है तब टीम में कलाई के दो स्पिनरों का होना क्या सही है?
उन्होंने आगे कहा कि यह काफी जरूरी है कि आप विकेट लेने वाले विकल्प की तलाश करें। टीम ऑलराउंडर खिलाड़ी को तलाश रही है, लेकिन आपको ऐसे तेज गेंदबाजों को रखना होगा जो विकेट ले सकें। मुझे लगता है कि यह कठिन मसला है।
बता दें भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली और टीम के हेड कोच रवि शास्त्री ने पिछले कुछ दिनों में ऑलराउंडर्स पर ज्यादा भरोसा जताया है। टी20 मैचों की बात करें तो विराट कोहली ने प्लेइंग इलेवन में तीन-तीन ऑलराउंडर्स को मौका दिया है। जिसका नुकसान देखने को मिला है।