पूर्व पाकिस्तान लेग स्पिनर दानिश कनेरिया ने यू ट्यूब वीडियो जारी किया है। कनेरिया ने वीडियो की शुरुआत ही जय श्री राम के उद्घोष से किया था। दरअशल, कनेरिया ने वीडियो जारी कर पाकिस्तानी बोर्ड को आड़े हाथ लिया है। मालूम हो कि कुछ दिन पहले शोएब अख्तर ने दावा किया था कि कुछ पाकिस्तानी क्रिकेटर कनेरिया के साथ खाना खाने से भी हिचकते थे क्योंकि वह हिंदू है। जिसके बाद कनेरिया ने ये खुलासा किया था कि पाकिस्तान में हिंदू होने के नाते उनके साथ टीम में भेदभाव किया जाता था। उनका उत्पीड़न किया जाता था। कनेरिया के इस बयान का पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शोएब अख्तर ने भी समर्थन किया था।
Danish Kaneria (@DanishKaneria_) December 28, 2019
कनेरिया ने वीडियो में किसी का नाम लिए बगैर कहा कि कई खिलाड़ी ऐसे हुए हैं, जिन्होंने मैच फिक्स किए और देश को बेच दिया लेकिन इसके बावजूद आज वे टीम में हैं और देश के लिए खेल रहे हैं। मैंने पैसे के लिए कभी अपने देश को नहीं बेचा। कनेरिया ने आगे कहा, लोग कह रहे हैं कि मैं पाकिस्तान के लिए 10 साल खेला, लेकिन मैं 10 साल अपने खून की कीमत पर खेला।
वहीं इस बीच पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर जिस तरह से गेंद को स्विंग करते थे आज अपनी बातों को भी स्विंग करते हुए कहा कि कनेरिया के संबंध में दिए गए उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया है। अख्तर के मुताबिक उन्होंने यह कभी नहीं कहा कि हिंदू होने के नाते पाकिस्तानी टीम में कनेरिया के साथ गलत व्यवहार होता था। अख्तर ने कहा कि पाकिस्तानी टीम में कभी भी इस तरह की संस्कृति नहीं रही है और खासतौर पर धर्म के आधार पर कभी भी किसी खिलाड़ी के साथ भेदभाव नहीं किया गया।