नागरिकता संशोधन कानून व राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर पर जनता दल यूनाइटेड नेताओं के पार्टी लाइन से अलग दिए गए बयानों तथा बाद में एनआरसी पर पार्टी के विरोध की घोषणा को ले राष्ट्रीय जनता दल नेता तेजस्वी यादव ने तंज कसा है। उन्हों कहा है कि नीतीश कुमार ने अपने दल में कुछ रुदालिए (रोने वाले) रखे हुए हैं, जो उन्हें दोनों तरफ बेसुरा ढ़ाेल बजाने में मदद करते हैं।
प्रशांत किशोर की तरफ था तेजस्वी का इशारा
नीतीश कुमार ने किराए पर कुछ रुदालिए रखे हुए है। जब-जब वो अपने विश्वासघाती कुकृत्यों जैसे जनादेश अपमान,370,#CAB के चलते दुःख-तकलीफ़ में फँसते है तो दिखावटी बनावटी करुण कृंदन के लिए उन रुदालियों को आगे कर देते है।
Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) December 16, 2019
बता दें कि तेजस्वी का इशारा प्रशांत किशोर की तरफ था, जिन्होंने रविवार तक सीएए व एनआरसी के घालमेल की आशंका को देखते हुए दोनों का विरोध किया, लेकिन नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद वे मुलायम पड़ गए। उन्होंने कहा कि सीएए अपने आप में खराब नहीं, इसे एनआरसी से मिला देने पर घातक है। नीतीश कुमार ने बिहार में एनआरसी लागू नहीं होनें देने की बात कही है।
इसपर तंज कसते हुए तेजस्वी यादव ने अपने ट्वीट में प्रशांत किशोर का नाम लिए बिना कहा कि नीतीश कुमार ने अपने दल में किराए पर कुछ रुदालिए रखे हुए हैं। जब-जब नीतीश कुमार अपने विश्वासघाती कुकृत्यों (जैसे- जनादेश अपमान, अनुच्छेद 370, सीएबी) के कारण फंसते हैं तो दिखावटी करुण क्रंदन के लिए उन रुदालियों को आगे कर देते हैं। तेजस्वी ने आगे लिखा कि अब यह बेसुरा ढोल दोनों तरफ से नहीं बजेगा। तेजस्वी ने इसके बाद एक और ट्वीट कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) को भारत जलाओपार्टी की संज्ञा दी।