नागरिकता संशोधन बिल पेश करने के दौरान गृह मंत्री अमित शाह और सपा सांसद अखिलेश यादव के बीच तीखी और दिलचस्प नोंकझोंक हुई। खासतौर से जब समय सदन में दिलचस्प स्थिति पैदा हो गई, जब गृह मंत्री ने अखिलेश से पूछा कि क्या आप पाक अधिकृत कश्मीर को भारत का हिस्सा नहीं मानते।
दरअसल बिल पेश करते समय हुई तीखी नोंकझोंक के बीच गृह मंत्री ने कहा कि इसमें भारतीय सीमा से लगते तीन देशों पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान में प्रताड़ित होने वाले छह अल्पसंख्यकों हिंदू, सिख, ईसाई, बौद्घ, जैन, पारसी सहित छह अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों को भारतीय नागरिकता दी जाएगी। इस दौरान शाह ने कहा कि अफगानिस्तान की 106 किलोमीटर की सीमा भारत से लगती है। इस पर अखिलेश ने बार-बार सवाल उठाया। उन्होंने पूछा कि किस इलाके में यह सीमा लगती है। बार-बार पूछने पर शाह ने कहा -अखिलेश जी रहने दीजिए, यह आपकी समझ में नहीं आएगा, क्या आप पीओके को भारत का हिस्सा नहीं मानते?