रालोसपा प्रमुख व पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने शनिवार को अपना आमरण अनशन तोड़ दिया है। बता दें कि शिक्षा में सुधार के मसले को लेकर पिछले चार दिनों से पटना में आमरण अनशन पर थे। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव व पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव ने कुशवाहा को जूस पिलाकर अनशन तोड़वाया। मौके पर बिहार महागठबंधन के तमाम वरीय नेता मौजूद हैं। फिलहाल उपेंद्र कुशवाहा पीएमसीएच (PMCH) में ही हैं और मौके पर महागठबंधन के तमाम नेता उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ले रहे हैं।
विपक्ष का मिला समर्थन
वहीं तेजस्वी यादव ने कहा कि पूरा विपक्ष उपेन्द्र कुशवाहा के आंदोलन के साथ है लेकिन हम चाहते हैं कि कुशवाहा जी अपना अनशन तोड़ें। शनिवार को पार्टी ऑफिस में आयोजित प्रेस वार्ता में तेजस्वी समेत पूरा विपक्ष जुटा। तेजस्वी ने कहा कि हम सभी उपेंद्र कुशवाहा के आंदोलन का पूरा समर्थन करते हैं लेकिन पूरा विपक्ष चाहता है कि कुशवाहा जी अपना अनशन तोड़ें।
पीएमसीएच के अधीक्षक डॉ.राजीव रंजन प्रसाद का कहना है कि उनके शरीर में मधुमेह की स्थिति में उतार-चढ़ाव हो रहा है। वे बीपी एवं मधुमेह दोनों के मरीज हैं। उनके स्वास्थ्य पर अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक नजर रखे हुए हैं। पीएमसीएच के इमरजेंसी हेड डॉ.अभिजीत सिंह ने कहा कि उपेंद्र कुशवाहा के रक्त के नमूने लिए गए हैं। उनकी जांच कराई जा रही हैं। जांच रिपोर्ट शनिवार तक आने की उम्मीद है, उसके बाद जरूरत पडऩे पर दवाएं बढ़ाई जा सकती है।