तीसरे दिन भी जारी रहा उपेन्द्र कुशवाहा का अनशन, MLC संजय पासवान का मिला समर्थन

पूर्व केन्द्रीय मंत्री और आरएलएसपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा का केन्द्रीय विद्यालय को जमीन देने के मामले में आमरण अनशन तीसरे दिन भी जारी रहा। इस दौरान उन्हें विपक्षी दलों का साथ तो मिला ही गुरुवार को बीजेपी एमएलसी संजय पासवान भी उपेन्द्र कुशवाहा का हालचाल जानने पहुंचे। बता दें कि पटना के मिलर हाई स्कूल प्रांगण में उपेन्द्र कुशवाहा 26 नवंबर से अनिश्चित कालीन आमरण अनशन पर हैं। इस दौरान उनकी तबियत भी बिगड़ी और वो काफी कमजोर भी दिख रहे हैं।

वहीं बीजेपी एमएलसी संजय पासवान समर्थन में उतरते हुए कहा है कि, सरकार से मैं मांग करता हूं कि इनकी मांगें जायज हैं, केंद्रीय विद्यालय खुले इसके लिए सरकार को इनकी मांग मानना चाहिए। सत्ता में हैं तो सत्य से समझौता नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि उपेन्द्र कुशवाहा से उनकी दोस्ती है, सत्ता के कारण उसे तोड़ नहीं देंगे, सत्य के साथ थे, हैं और रहेंगे।

बीजेपी एमएलसी ने कहा, मैंने इनसे आग्रह किया है कि देश और बिहार को आपकी जरूरत है, इसलिए अनशन तोड़ दें और मैं सरकार से भी आग्रह करूंगा कि वो अविलंब मांग पर विचार करे।

इधर, बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री कृष्णनंदन वर्मा ने साफ कर दिया कि सरकार ने 2007 में सभी जिलाधिकारियों को यह निर्देश दिया था कि वो केन्द्रीय विद्यालयों या अन्य संस्थानों के लिए जमीन न उपलब्ध कराएं।

उन्होंने कहा कि हमें बिहार के हर पंचायत में हाई स्कूल खोलने हैं और उसके लिए जमीन लेने में हमें खासी दिक्कत हो रही है। अभी 2950 हाई स्कूल के लिए हमें जमीन चाहिए। भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी भी मौजूद थे उन्होंने कहा कि अपना चेहरा चमकाने के लिए उपेन्द्र कुशवाहा राजनीति कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *