बिहार में बाढ़ का प्रकोप जारी है। बिहार के डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी के बाद अब प्रसिद्ध लोक गायिका शारदा सिन्हा को बाढ़ में फंसने के 18 घंटे बाद रेस्क्यू कर लिया गया है। चार दिनों से लगातार हो रही आफत की बारिश राजधानी पटना समेत पूरे सूबे पर कहर बनकर टूटा है, जनजीवन ठहर गया है। इसी में लोकगीत गायिका शारदा सिन्हा भी अपने घर में फंसी हुई थी। उन्होंने फेसबुक पर पोस्ट लिखकर अपना दर्द बयां किया। शारदा सिन्हा ने लिखा है कि राजेन्द्र नगर में अपने घर में पानी में फसी हुई हूँ। मदद नही मिल पा रही है NDRF की राफ्ट तक भी पहुंचना असंभव है, पानी से बदबू आ रही है। काश भारत में एयर लिफ्ट की सुविधा होती। कोई रास्ता हो तो बताएं।
लोक गायिका शारदा सिन्हा ने इससे पहले भी सोशल मीडिया पर लोगों से मदद के लिए गुहार लगाई थी। वे अपने परिवार के साथ राजेंद्र नगर स्थित अपने घर में फंसी हुई थीं। वहीं उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए अपील की थी कि मदद पहुंचाई जाए। शारदा सिन्हा ने बाढ़ के मौजूदा हालात पर कहा कि जीवन में उन्होंने इससे कठिन वक्त नहीं देखा इसके लिए सरकार को कोई ठोस योजना बनानी होगी। जल जमाव हर साल होता है, लेकिन ऐसा जल जमाव पहली बार उन्होंने देखा।
बता दें कि पूरे बिहार में चार दिनों से लगातार हो रही बारिश से स्थिति हर क्षण विकट होती जा रही है। अब तक अलग-अलग जगहों पर हुई घटनाओं में 24 लोगों की मौत हो चुकी है।