भारत सरकार की ओर से जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाए जाने और उसे दो केंद्र शासित प्रदेशों में बांटे जाने के बाद पाकिस्तान बौखला गया है. गुरुवार यानि आज दोपहर पाकिस्तान के रेल मंत्री शेख राशिद ने भारत-पाकिस्तान के बीच चलने वाले समझौता एक्सप्रेस ट्रेन रद्द करने का ऐलान कर दिया है. पाकिस्तान ने समझौता एक्सप्रेस ट्रेन को वाघा बॉर्डर पर रोक दिया है. ट्रेन में यात्री फंसे हुए हैं.पाक की ओर से ट्रेन को बीच में छोड़ने के बाद भारत ने इस समस्या के हल करने के लिए ट्रेन और इंजन भेजने का फैसला लिया.
पाकिस्तान की इस हरकत के बाद उत्तर रेलवे के मुताबिक समझौता एक्सप्रेस को बाघा से अटारी लाने के लिए रेलवे स्टॉफ भेजा गया.गुरुवार दोपहर नॉर्थ रेलवे के CPRO दीपक कुमार की तरफ से बयान जारी किया गया. उनका कहना है कि समझौता एक्सप्रेस को सस्पेंड नहीं किया गया है, ट्रेन जारी रहेगी. पाकिस्तान ने सुरक्षा की वजह से कुछ चिंताएं जाहिर की थी और कहा कि वह अपना गार्ड और क्रू नहीं भेजेगा.
बता दें कि, बुधवार को भारत के साथ द्विपक्षीय राजनयिक संबंधों को कमतर करने का फैसला करने के कुछ ही देर बाद बुधवार को पाकिस्तान ने कश्मीर मुद्दे को लेकर भारतीय उच्चायुक्त अजय बिसारिया को निष्कासित कर दिया था. पाकिस्तान ने यह कदम प्रधानमंत्री इमरान खान की अध्यक्षता में हुई राष्ट्रीय सुरक्षा समिति की बैठक के बाद उठाया है, जिसमें भारत के साथ व्यापारिक रिश्तों को तोड़ने और द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा का भी फैसला लिया गया था.