बिहार में बाढ़ की परेशानी झेल रहे लोगों को पिछले कुछ दिनों से राहत की खबर सामने आ रही है. बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से अब बाढ़ का पानी उतरने लगा है. वहीं नदियों के जलस्तर में कमी आ जाने से जल संसाधन विभाग क्षतिग्रस्त तटबंधों की मरम्मत में जुट गया है.
खबरों के मुताबिक गुरुवार को दोपहर दो बजे कोसी नदी के वीरपुर बैराज पर बहाव 101175 क्यूसेक और गंडक नदी के वाल्मीकिनगर बैराज पर बहाव 67100 क्यूसेक था. फिलहाल बागमती नदी ढेंग, सोनाखान और डूबाधार में खतरे के निशान के उपर बह रही है और अभी जलस्तर बढ़ने के और भी आसार है. अन्य सभी प्रमुख नदियों का जलस्तर अब स्थिर है. क्षतिग्रस्त हुए कमला बलान तटबंध का मरम्मत कार्य पूरा कर लिया गया है और दोनों कट-एंड को जोड़ने का काम चल रहा है.
आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक 13 जिलों – मुजफ्फरपुर,शिवहर,दरभंगा,मधुबनी,सीतामढ़ी, पूर्वी चंपारण,सहरसा,किशनगंज,सुपौल,पूर्णिया,अररिया,कटिहार और पश्चिमी चंपारण में बाढ़ से अब तक 130 लोगो की मौत हुई है और 88 लाख से ज्यादा लोगों का जन-जीवन प्रभावित हुआ है.राज्य सरकार बाढ़ प्रभावित इलाकों में क्षति के आकलन का काम शुरू कर दिया है. आकलन का काम पूरा हो जाने पर क्षति का मुआवजा दिया जाएगा. मछुआरे की नाव और मछली पकड़ने वाले जाल की क्षति की भरपाई भी राज्य सरकार द्वारा की जाएगी.